☰
×

अबू धाबी टी10 लीग में छाए रहेंगे वेस्टइंडीज के खिलाड़ी, पोलार्ड, पूरन, रसेल जैसे नाम शामिल

 

अबू धाबी, 25 अक्टूबर (आईएएनएस)। वेस्टइंडीज की जबरदस्त बैटिंग पावर और ऑल-राउंड गहराई 2026 अबू धाबी टी10 की खास बात होगी। 7 से 20 नवंबर तक जायद क्रिकेट स्टेडियम में होने वाली लीग में 6 फ्रेंचाइजियों में वेस्टइंडीज के 16 स्टार हिस्सा ले रहे हैं।

टूर्नामेंट के छह आइकन प्लेयर्स में से चार, जिन्हें ड्राफ्ट से पहले साइन किया गया था, कैरेबियाई हैं, जो इस क्षेत्र के असर को दिखाता है। पावर-हिटिंग इस लीग को और रोमांचक बना सकता है।

डिफेंडिंग चैंपियन यूएई बुल्स को कीरोन पोलार्ड लीड करेंगे, जबकि जेसन होल्डर यास लायंस को रिप्रेजेंट करेंगे, निकोलस पूरन रॉयल डेजर्ट चैंपियंस की कप्तानी करेंगे और रोवमैन पॉवेल एमिरेट्स ईगल्स का नेतृत्व करेंगे। अरेबियन एसेस ने ड्राफ्ट से पहले आंद्रे रसेल को शामिल किया है, जबकि यूनाइटेड टाइगर्स ने फास्ट-बॉलिंग ऑल-राउंडर ओडियन स्मिथ को शामिल किया है।

टी10 की एक पारी में सिर्फ 60 गेंद होती हैं, इसलिए शुरू से ही बाउंड्री लगाने की काबिलियत किसी भी खिलाड़ी को खास बनाती है।

कई खिलाड़ी इस कॉम्पिटिशन में अपना साबित रिकॉर्ड भी लेकर आते हैं। पूरन 2022 में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले थे और प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट थे। उन्होंने डेक्कन ग्लेडिएटर्स के कप्तान के तौर पर 345 रन बनाए थे, जिसमें 31 छक्के शामिल थे। इसके बाद उन्होंने 2024 में फ्रेचाइजी को एक और टाइटल जिताया। वह अबू धाबी टी10 लीग के इतिहास में सर्वाधिक 137 छक्के लगा चुके हैं।

लेफ्ट-आर्म स्पिनर अकील होसेन, जो अब यास लायंस का हिस्सा हैं, उनके नाम भी एक यादगार टी10 परफॉर्मेंस है। उन्होंने 2023 सीजन के क्वालीफायर 1 में छह रन देकर पांच विकेट लिए थे। इसमें हैट्रिक शामिल है।

फ्रेंचाइजियों ने अपनी हेडलाइन साइनिंग के अलावा कैरेबियाई खिलाड़ियों में भी काफी निवेश किया है। यूएई बुल्स ने अपनी टाइटल जीतने वाली टीम से पोलार्ड, सुनील नरेन और रोमारियो शेफर्ड को रिटेन किया है और आंद्रे फ्लेचर को शामिल किया है। रॉयल डेजर्ट चैंपियंस ने पूरन को शेरफेन रदरफोर्ड, ब्रैंडन किंग और कीमो पॉल के साथ जोड़ा है, जबकि शिमरोन हेटमायर एमिरेट्स ईगल्स में पॉवेल के साथ जुड़े हैं।

अरेबियन एसेस और यास लायंस ने भी क्रमशः अल्जारी जोसेफ और ओबेद मैक्कॉय के साथ अपनी तेज गेंदबाजी को मजबूत किया है।

--आईएएनएस

पीएके