अबू धाबी में ड्रोन का मलबा गिरने से पाकिस्तान-नेपाल के छह नागरिक घायल
अबू धाबी, 5 मार्च (आईएएनएस)। अबू धाबी में ड्रोन को मार कर गिराए जाने के बाद गिरे मलबे की चपेट में आए छह लोग घायल हो गए। अबू धाबी के मीडिया कार्यालय ने इसकी जानकारी दी।
सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर एक पोस्ट में लिखा, "एयर डिफेंस सिस्टम ने ड्रोन को हवा में ही रोक दिया था, लेकिन उसका मलबा इलाके में दो जगहों पर गिरा। मलबे की चपेट में आने से छह लोग घायल हुए हैं। ये सभी पाकिस्तान और नेपाल के नागरिक हैं। घायलों को मामूली चोट आई है।"
बयान के जरिए लोगों से अपील की गई है कि वो अफवाहों या कही सुनी बातों पर यकीन न करें और आधिकारिक सोर्स पर ही विश्वास करें।
वहीं, ईरान की इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स (आईआरजीसी) के हवाले से तसनीम न्यूज एजेंसी ने बताया कि उसने (आईआरजीसी) कुवैत, बहरीन और यूएई में मौजूद 20 अमेरिकी सैन्य ठिकानों को निशाना बनाया है। इस हमले में उन्हें नुकसान भी पहुंचने की बात कही जा रही है।
आईआरजीसी के मुताबिक ये हमले खाड़ी क्षेत्र में मौजूद अमेरिकी सैन्य अड्डों पर किए गए। हालांकि अमेरिका ने इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।
अमेरिका-इजरायल और ईरान के बीच तनातनी काफी बढ़ चुकी है। संघर्ष का गुरुवार को छठा दिन है। दोनों ओर से दावे किए जा रहे हैं। इस सबके बीच यूरोपीय संघ की विदेश नीति प्रमुख काजा कलास ने आरोप लगाया है कि ईरान युद्ध को ज्यादा से ज्यादा देशों तक फैलाने की कोशिश कर रहा है।
कलास मिडिल ईस्ट में चल रही उथल-पुथल पर चर्चा करने के लिए ईयू के विदेश मंत्रियों और खाड़ी देशों के समकक्षों संग एक वर्चुअल मीटिंग होस्ट कर रही हैं। कलास ने कहा कि उन्हें उम्मीद है कि वार्ता सफल होगी और सभी पक्ष अंतर्राष्ट्रीय कानूनों का सम्मान करेंगे।
--आईएएनएस
केआर/