×

अभिषेक बनर्जी पर हमला भाजपा की साजिश नहीं, टीएमसी के खिलाफ जनता के बढ़ते आक्रोश का परिणाम: खगेन मुर्मू

 

नई दिल्ली, 31 मई (आईएएनएस)। पश्चिम बंगाल में टीएमसी सांसद अभिषेक बनर्जी पर हुए हमले और पूर्व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी द्वारा भाजपा पर लगाए गए आरोपों के बीच राजनीतिक बयानबाजी तेज हो गई है। भाजपा सांसद खगेन मुर्मू ने इस पूरे मामले को लेकर तृणमूल कांग्रेस पर निशाना साधा और कहा कि यह सब एक राजनीतिक ड्रामा है। भाजपा किसी भी प्रकार की राजनीतिक हिंसा का समर्थन नहीं करती।

खगेन मुर्मू ने कहा कि भाजपा ने कभी भी हिंसा की राजनीति नहीं की है और न ही पार्टी किसी तरह के हमले को बढ़ावा देती है। उन्होंने बताया कि भाजपा की पश्चिम बंगाल इकाई के अध्यक्ष और वरिष्ठ नेताओं ने पहले ही स्पष्ट कर दिया है कि चुनाव के बाद या किसी भी परिस्थिति में राजनीतिक हिंसा स्वीकार्य नहीं है। अगर किसी भी राजनीतिक दल का कोई कार्यकर्ता हिंसा में शामिल पाया जाता है तो उसके खिलाफ कानून के अनुसार कार्रवाई होनी चाहिए।

उन्होंने दावा किया कि अभिषेक बनर्जी के साथ जो घटना हुई, उसमें भाजपा की कोई भूमिका नहीं है। जिन लोगों ने विरोध किया या अंडे फेंके, उनमें कई लोग तृणमूल कांग्रेस से जुड़े हुए थे। उन्होंने कहा कि पश्चिम बंगाल में जनता के बीच टीएमसी के खिलाफ गहरा आक्रोश है और उसी नाराजगी का असर अब सामने आने लगा है।

खगेन मुर्मू ने अपने ऊपर हुए हमले का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि 6 अक्टूबर 2025 को उन पर और विधायक शंकर घोष पर तृणमूल कांग्रेस समर्थकों ने हमला किया था। उस दौरान उन्हें धक्का दिया गया और उनकी गाड़ी पर पथराव किया गया। उन्होंने दावा किया कि हमले में उन्हें गंभीर चोटें आई थीं और काफी खून बहा था। उस समय पुलिस मौके पर मौजूद थी, लेकिन उसने कोई प्रभावी हस्तक्षेप नहीं किया।

खगेन मुर्मू ने कहा कि उस घटना के बाद जब तत्कालीन मुख्यमंत्री ममता बनर्जी उनसे मिलने पहुंची थीं, तब उन्होंने उनकी चोटों की गंभीरता को नजरअंदाज किया था। उन्होंने आरोप लगाया कि उस समय भी सरकार और प्रशासन ने हमले को गंभीरता से नहीं देखा।

भाजपा सांसद ने कहा कि आज तृणमूल कांग्रेस लगातार कमजोर हो रही है और पार्टी में केवल ममता बनर्जी और अभिषेक बनर्जी की राजनीति बची है। उन्होंने दावा किया कि कई लोग टीएमसी छोड़ चुके हैं और जनता का भरोसा भी पार्टी से उठता जा रहा है।

उन्होंने अभिषेक बनर्जी और ममता बनर्जी पर भ्रष्टाचार के आरोप भी लगाए। उन्होंने कहा कि जनता अब उन नेताओं के खिलाफ खुलकर आवाज उठा रही है, जिन्हें वह भ्रष्टाचार और जनता के अधिकारों के हनन के लिए जिम्मेदार मानती है। उन्होंने दावा किया कि सोनारपुर की घटना भी जनता के इसी गुस्से का परिणाम है।

उन्होंने कहा कि भाजपा का स्पष्ट निर्देश है कि कोई भी कार्यकर्ता हिंसा में शामिल नहीं होगा। यदि कोई ऐसा करता है तो उसके खिलाफ संगठनात्मक और कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

खगेन मुर्मू ने आरोप लगाया कि तृणमूल कांग्रेस अब भाजपा की छवि खराब करने और माहौल बिगाड़ने की कोशिश कर रही है। भाजपा और केंद्रीय एजेंसियां कानून के तहत काम कर रही हैं और भ्रष्टाचार, घुसपैठ तथा अन्य मामलों में कार्रवाई जारी है।

उन्होंने कहा कि पश्चिम बंगाल में पहले जिस तरह की राजनीतिक हिंसा और जंगलराज का माहौल था, अब उसमें बदलाव आ रहा है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के बयानों का जिक्र करते हुए कहा कि भ्रष्टाचार और अवैध गतिविधियों में शामिल लोगों के खिलाफ कार्रवाई जारी रहेगी।

इंडिया ब्लॉक और अभिषेक बनर्जी के समर्थन में सामने आ रहे विपक्षी नेताओं पर भी खगेन मुर्मू ने निशाना साधा। उन्होंने कहा कि विपक्षी दल केवल अपनी राजनीतिक जमीन बचाने के लिए एकजुटता दिखा रहे हैं। जनता अब सब कुछ देख और समझ रही है तथा लोकतांत्रिक तरीके से अपना फैसला सुना रही है।

--आईएएनएस

वीकेयू/डीकेपी