☰
×

अभिषेक बनर्जी के घर के बाहर बुलडोजर एक्शन पर दिलीप घोष बोले, 'गैरकानूनी निर्माण सब जगह टूट रहा है'

 

कोलकाता, 13 नवंबर (आईएएनएस)। ममता-टीएमसी गुट के सांसद अभिषेक बनर्जी के घर के बाहर चलाए गए बुलडोजर को लेकर पश्चिम बंगाल के मंत्री दिलीप घोष ने कहा कि गैरकानूनी ढंग से हुए निर्माण और कब्जे हर जगह से हटाए जा रहे हैं, यह सिर्फ अभिषेक बनर्जी से जुड़ा मामला नहीं है। कोलकाता में रास्ते और फुटपाथ कम हैं। उन पर बिल्डिंग बनेगी तो जनता को समस्या होगी।

पश्चिम बंगाल के मंत्री दिलीप घोष ने कहा, "गैरकानूनी ढंग से जो निर्माण हुए हैं, कब्जे हुए हैं, उसे हटाया जा रहा है। कोलकाता में रास्ते कम हैं, फुटपाथ कम हैं। उसके ऊपर कोई बिल्डिंग बना लेगा तो जनता को समस्या होती है। यह हर जगह हो रहा है। सभी जगह से अतिक्रमण हटाए जा रहे हैं। उन्हें खुद निर्माण तोड़ना चाहिए था, हटा देना चाहिए था।"

उन्होंने कहा कि विपक्ष के प्रश्न, विपक्ष क्या करेगा, उसकी बात है। सरकार को जो समाज के हित में जरूरी है, वो करेगी और अपने बलबूते पर करेगी। इसलिए दिल्ली में भी वही होगा और कोलकाता में भी वही होगा।

प्रधानमंत्री मोदी के तंज को लेकर दिलीप घोष ने कहा कि जो विपक्षी दल जेब में संविधान रखते हैं, वो संविधान को कोई मान्यता नहीं देते, सम्मान नहीं देते हैं। कभी अदालत, तो कभी लोकतांत्रिक ढांचे के जो-जो स्तंभ हैं, उन पर आघात करना उनका काम है। आज लोकतंत्र बहाल है, तभी उनको यह आंदोलन करने का, सरकार का विरोध करने का मौका मिल रहा है।

एआईएमआईएम के असदुद्दीन ओवैसी और आजाद समाज पार्टी के चंद्रशेखर आजाद की पार्टियों के गठबंधन को लेकर दिलीप घोष ने कहा कि ये लोग हर चुनाव के पहले कुछ न कुछ नाटक करते हैं। दोनों पार्टियों का कोई अस्तित्व नहीं है। दोनों पार्टियां साथ रहें या अलग रहें, इससे क्या फर्क पड़ने वाला है? भाजपा जनता का काम कर रही है। हम जनता पर पूरा भरोसा करते हैं। जनता भी भाजपा पर भरोसा करती है।

उत्तर प्रदेश चुनाव पर दिलीप घोष ने कहा कि कोई भी पार्टी अपने ढंग से रणनीति करेगी, चुनाव लड़ेगी। एआईएमआईएम की कितनी शक्ति है, क्या होगा, वो तो चुनाव में देखा जाएगा।

पंजाब में विधानसभा चुनाव से पहले आम आदमी पार्टी की दूसरी सूची में आठ विधायकों को टिकट नहीं मिलने पर घोष ने कहा कि ये सारे लोगों को हटा दें। आम आदमी पार्टी को पंजाब में फिर से कोई मौका नहीं मिलने जा रहा है। पंजाब में परिवर्तन होना ही है।

उन्होंने शांतनु सिन्हा को लेकर कहा कि उनके लिए 2.70 करोड़ कुछ नहीं हैं। शांतनु सिन्हा राय के पास जो संपत्ति है और जो प्रभाव था, वह सबको मालूम है। कितनी संपत्ति है, क्या है, आगे और आएगा।

--आईएएनएस

केके/एबीएम