अभिषेक बनर्जी और राहुल गांधी पर दिलीप घोष का तंज, बोले-'चुनाव हारने के बाद ईवीएम और आयोग पर लगा रहे आरोप'
कोलकाता, 18 नवंबर (आईएएनएस)। पश्चिम बंगाल के मंत्री दिलीप घोष ने टीएमसी सांसद अभिषेक बनर्जी और कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए विपक्षी नेताओं को आड़े हाथों लिया। कलकत्ता हाईकोर्ट की ओर से अभिषेक बनर्जी को नोटिस भेजे जाने के मामले पर प्रतिक्रिया देते हुए उन्होंने कहा कि यह केवल अभिषेक बनर्जी का मामला नहीं है बल्कि इसमें राहुल गांधी समेत कई अन्य नेता भी शामिल हैं। लगातार चुनाव हारने के कारण ये नेता हताश हो गए हैं और अपनी मर्यादा भूल रहे हैं।
पश्चिम बंगाल सरकार के मंत्री दिलीप घोष ने पत्रकारों से बात करते हुए कहा कि जब ये नेता सत्ता में थे, तब इन्होंने कभी अदालतों का सम्मान नहीं किया और न ही चुनाव आयोग को कोई विशेष महत्व दिया। उस समय ये अपनी मनमर्जी से काम करते थे। अब जब जनता इन्हें चुनाव में हरा रही है, तो अपनी हार की जिम्मेदारी लेने के बजाय चुनाव आयोग और ईवीएम पर आरोप लगा रहे हैं।
उन्होंने कहा कि ऐसे आरोप लगाने से कुछ हासिल नहीं होने वाला है। जनता अब इन नेताओं को दोबारा सत्ता में नहीं आने देना चाहती। आने वाले समय में इन्हें इसका एहसास भी हो जाएगा। इसलिए विपक्षी नेताओं को बेवजह परेशान होने के बजाय अपनी गलतियों पर ध्यान देना चाहिए।
वहीं, बांग्लादेश में हिंदुओं की घटती आबादी और अल्पसंख्यकों की स्थिति पर भी दिलीप घोष ने चिंता जताई। उन्होंने कहा कि मुस्लिम बहुल देशों में अल्पसंख्यकों की स्थिति लगातार खराब हो रही है। पाकिस्तान से हिंदुओं को खदेड़ा गया और अब बांग्लादेश में भी इसी तरह की परिस्थितियां देखने को मिल रही हैं। उन्होंने कहा कि जब तक वहां मजबूत सरकार नहीं बनेगी, तब तक अल्पसंख्यकों पर हो रहे अत्याचारों पर रोक लगाना मुश्किल है।
उन्होंने पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना के कार्यकाल का जिक्र करते हुए कहा कि उस दौरान बांग्लादेश में हिंदू समुदाय काफी हद तक सुरक्षित महसूस करता था। उस समय उनकी शिकायतें सुनने के लिए व्यवस्था मौजूद थी और लोकतांत्रिक व्यवस्था भी कायम थी लेकिन अब वहां हालात बदल गए हैं। हिंदुओं पर हो रहे अत्याचारों की घटनाएं पूरी दुनिया देख रही है। उन्होंने कहा कि इन परिस्थितियों में अल्पसंख्यकों की आवाज सुनने वाला कोई नहीं दिखाई दे रहा है।
विपक्ष की ओर से केंद्र सरकार को लेकर किए जा रहे दावों पर भी उन्होंने पलटवार किया। दिलीप घोष ने कहा कि पिछले 12 वर्षों से विपक्षी नेता लगातार दावा कर रहे हैं कि मोदी सरकार जाने वाली है, लेकिन अब तक ऐसा कुछ नहीं हुआ। उन्होंने आरोप लगाया कि विपक्ष केवल जनता के बीच भ्रम और झूठ फैलाने का काम कर रहा है।
--आईएएनएस
एसएके/पीएम