सारा अली खान को केदारनाथ जाना ही क्यों है: हुसैन दलवई
मुंबई, 18 मार्च (आईएएनएस)। महाराष्ट्र से कांग्रेस के वरिष्ठ नेता हुसैन दलवई ने कहा कि अगर आस्था का प्रमाण देने पर ही केदारनाथ और बद्रीनाथ में दर्शन के लिए अनुमति दी जाएगी, तो मुझे लगता है कि फिल्म अभिनेत्री सारा अली खान को वहां जाना ही क्यों है।
अभिनेत्री सारा अली खान महादेव की परम भक्त मानी जाती हैं और वह अक्सर केदारनाथ धाम जाकर शिव का आशीर्वाद लेती हैं। इस बार उन्हें अपनी आस्था का प्रमाण देना होगा।
बता दें कि केदारनाथ धाम और बद्रीनाथ धाम के दर्शन के लिए आने वाले गैर हिंदू श्रद्धालुओं को अपनी आस्था साबित करनी होगी, जिसके लिए हलफनामा देना होगा। बद्री-केदार मंदिर कमेटी के चेयरमैन हेमंत द्विवेदी ने कहा कि अगर सारा अली खान भी केदारनाथ धाम दर्शन के लिए आती हैं, तो उन्हें भी सनातन धर्म में अपनी आस्था का हलफनामा देना होगा। इसके बाद ही उन्हें मंदिर में प्रवेश की अनुमति मिल सकेगी।
बद्री-केदार मंदिर कमेटी के चेयरमैन के बयान पर पलटवार करते हुए कांग्रेस के वरिष्ठ नेता हुसैन दलवई ने कहा कि लोगों को पता नहीं है कि सनातन धर्म और हिंदू धर्म का कोई संबंध नहीं है। सनातन धर्म यानी जाति व्यवस्था को मानने वाला धर्म। सारा अली खान वहां जाना ही क्यों चाहती हैं। अगर जाना चाहती हैं तो वे हलफनामे की मांग करेंगे। अब उन्हें तय करना है कि पूजा करनी है या नहीं करनी है। यह उनका अधिकार है।
वाराणसी में गंगा नदी में नाव पर इफ्तार पार्टी करने वाले युवकों की गिरफ्तारी पर कांग्रेस नेता ने कहा कि हिटलर ने जिस प्रकार मानवीय अत्याचार किया था, वैसा चल रहा है। इसी प्रकार अगर किसी ने इफ्तार किया तो उनके खिलाफ कार्रवाई करना बिल्कुल गलत है। गंगा नदी में नाव पर इफ्तार करेंगे तो क्या होगा? गंगा तो सभी की है और पानी भी सभी का है। गंगा किसी विशेष धर्म की नहीं बल्कि सभी की है। गंगा के बारे में हम सभी की एक ही भावना है।
कांग्रेस सांसद राहुल गांधी के खिलाफ वरिष्ठ अधिकारियों द्वारा उठाई जा रही माफी की मांग पर कांग्रेस नेता हुसैन दलवई ने कहा कि राहुल गांधी ने क्या बयान दिया है, मुझे नहीं पता लेकिन संसद में सदस्य किसी भी विषय पर चर्चा कर सकते हैं।उन्होंने कहा कि सदन में सांसदों को सभी तरह की चर्चा करने की अनुमति है।
एसिड अटैक की घटना पर कांग्रेस नेता हुसैन दलवई ने कहा कि बहुत दुख की बात है और जिसने भी यह किया है, उसे सख्त से सख्त सजा मिलनी चाहिए।
--आईएएनएस
डीकेएम/पीएम