आत्मविश्वास से बड़ा कोई स्टाइल नहीं: अनुपम खेर
मुंबई, 14 अप्रैल (आईएएनएस)। बॉलीवुड के दिग्गज अभिनेता अनुपम खेर ने अपनी पुरानी यादों को साझा करते हुए इंस्टाग्राम पर एक प्रेरणादायक पोस्ट किया। इस पोस्ट पर उन्होंने बताया कि शुरुआती दिनों में कम बालों की वजह से वे काफी शर्माते थे और टोपी पहनकर खुद को छुपाते थे।
अभिनेता ने अपने इंस्टाग्राम पर पुरानी और कुछ नई तस्वीरें पोस्ट कीं। इस पोस्ट में उन्होंने लिखा कि आत्मविश्वास ही सबसे अच्छा हेयरस्टाइल है।
अनुपम ने लिखा, "गंजापन हमेशा खूबसूरत होता है।"
अभिनेता ने पुराने दिनों को याद करते हुए लिखा, "एक समय था, जब मैं मुंबई आया था। आंखों में बड़े सपने थे, लेकिन सिर पर बाल बहुत कम थे। उस वक्त गंजा होना और एक्टर बनने का सपना देखना कोई फैशन नहीं माना जाता था। इसलिए मैं अक्सर टोपी पहनकर खुद को छुपाता था। यह स्टाइल के लिए नहीं, बल्कि अपनी झिझक की वजह से करता था।"
अभिनेता ने बताया कि कुछ साल बाद उन्हें एक अहम बात समझ में आई। उन्होंने लिखा, "मुझे एहसास हुआ कि आत्मविश्वास ही सबसे बड़ी पुंजी है। इसलिए मैंने वो टोपी सिर्फ सिर से नहीं, बल्कि अपने मन से भी उतार दी।"
अभिनेता ने गर्व करते हुए लिखा, "अब गंजापन बोल्ड, खूबसूरत और फैशन बन गया है। लोग वही लुक अपनाने की कोशिश कर रहे हैं, जिसे मैं पहले छुपाता था। जिंदगी का अपना ही मजेदार अंदाज होता है। जय हो।"
अनुपम खेर ने अपने करियर में हमेशा अलग-अलग भूमिकाओं से सबको प्रभावित किया है। उन्होंने शुरुआती संघर्ष के बावजूद उन्होंने कभी अपना लुक बदलने की कोशिश नहीं की।
अभिनेता इन दिनों 2006 की फिल्म 'खोसला का घोसला' के दूसरे भाग में अपने प्यारे किरदार कमल किशोर खोसला की भूमिका निभाते नजर आएंगे। दिबाकर बनर्जी द्वारा निर्देशित इस सीक्वल में बोमन ईरानी, परवीन डबास, रणवीर शौरी, किरण जुनेजा और तारा शर्मा के साथ-साथ रवि किशन जैसे कुछ नए चेहरे भी नजर आएंगे। इसके अलावा, खेर ने एक और रोमांचक प्रोजेक्ट के लिए मशहूर निर्देशक सूरज बड़जात्या के साथ भी हाथ मिलाया है।
--आईएएनएस
एनएस/डीएससी