'आत्मनिर्भर भारत के निर्माण में भूमिका निभा रहा मध्य प्रदेश', राज्य स्थापना दिवस पर पीएम मोदी ने दी शुभकामनाएं
नई दिल्ली, 1 नवंबर (आईएएनएस)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मध्य प्रदेश के राज्य स्थापना दिवस पर प्रदेशवासियों को शुभकामनाएं दी हैं। उन्होंने कहा कि अपने सर्वांगीण विकास के साथ आत्मनिर्भर भारत के निर्माण में मध्य प्रदेश अहम भूमिका निभा रहा है। साथ ही, पीएम मोदी ने कामना की कि यह विशेष अवसर राज्य के मेरे परिवारजनों के जीवन में सुख, शांति और समृद्धि लेकर आए।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार सुबह सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर पोस्ट किया, "मध्य प्रदेश के सभी भाई-बहनों को राज्य के स्थापना दिवस की हार्दिक शुभकामनाएं। हमारा यह प्रदेश गौरवशाली विरासत, समृद्ध संस्कृति और अद्भुत प्राकृतिक सौंदर्य की भूमि है। यहां के विश्वविख्यात धरोहर स्थल इसकी ऐतिहासिक पहचान को और भव्य बनाते हैं।"
उन्होंने आगे लिखा, "मध्य प्रदेश के लोगों ने अपनी प्रतिभा और उद्यमशीलता से हर क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान दिया है। कृषि, उद्योग, पर्यटन, शिक्षा और इंफ्रास्ट्रक्चर से लेकर इनोवेशन तक, प्रदेश नित-नई उपलब्धियां हासिल कर रहा है। अपने सर्वांगीण विकास के साथ आत्मनिर्भर भारत के निर्माण में भी यह अहम भूमिका निभा रहा है। मेरी कामना है कि यह विशेष अवसर राज्य के मेरे परिवारजनों के जीवन में सुख, शांति और समृद्धि लेकर आए।"
मध्य प्रदेश के स्थापना दिवस के अवसर पर प्रदेश के सभी लोगों को शुभकामनाएं देते हुए रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने 'एक्स' पोस्ट में कहा, "मध्य प्रदेश की गौरवशाली विरासत और समृद्ध सांस्कृतिक परंपराएं हमारी साझा धरोहर हैं। यहां के लोगों ने अपनी प्रतिभा, परिश्रम और समर्पण से राष्ट्र के विकास में महत्वपूर्ण योगदान दिया है। मैं कामना करता हूं कि मध्य प्रदेश निरंतर प्रगति के पथ पर आगे बढ़े और विकास, समृद्धि व जनकल्याण के नए आयाम स्थापित करते हुए विकसित भारत के संकल्प को साकार करने में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाए।"
केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा ने पोस्ट किया, "प्राकृतिक सौंदर्य, समृद्ध सांस्कृतिक परंपराओं और आध्यात्मिक आस्था से समृद्ध, बाबा महाकाल और मां नर्मदा की पावन धरा मध्य प्रदेश के राज्य स्थापना दिवस की समस्त प्रदेशवासियों को हार्दिक शुभकामनाएं। अपनी समृद्ध सांस्कृतिक विरासत और गौरवशाली परंपराओं को संजोए मध्य प्रदेश विकास के नित नए कीर्तिमान स्थापित करे और प्रगति के पथ पर निरंतर अग्रसर रहे, यही मंगलकामना है।"
--आईएएनएस
डीसीएच/