×

आतंकवाद पर कांग्रेस सांसद इमरान मसूद के बयान का सपा नेता अबू आजमी ने किया समर्थन

 

मुंबई, 24 फरवरी (आईएएनएस)। महाराष्ट्र से समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता अबू आजमी ने कांग्रेस सांसद इमरान मसूद के बयान का समर्थन किया है, जिसमें उन्होंने कहा था कि आतंकवाद के नाम पर निर्दोष लोग फंसाए जाते हैं।

कांग्रेस सांसद इमरान मसूद ने आतंकवादियों की गिरफ्तारी पर कहा था हम ये नहीं जानते है कि किसको गिरफ्तार किया गया होगा, लेकिन बीस-बीस साल तक जेल में सजा काटने के बाद लोग रिहा हो जाते हैं। आतंकवाद के खिलाफ सख्त एक्शन होना चाहिए, इसमें कोई दो राय नहीं है, लेकिन किसी बेगुनाह को गिरफ्तार न करें। बस इस चीज का ध्यान रखें कि किसी बेगुनाह को रिहाई के लिए 20 साल तक का इंतजार करना पड़े।

कांग्रेस सांसद के इस बयान का समर्थन करते हुए मुंबई में आईएएनएस से बातचीत में सपा नेता अबू आजमी ने कहा कि मुंबई में जो सीरियल ब्लास्ट हुआ था, जिसमें 187 लोग मारे गए थे, उसमें 12 नौजवान पकड़े गए और निचली अदालत ने फांसी की सजा सुनाई। हाईकोर्ट ने न्याय किया और बेगुनाह छूटे। 19 साल तक बेगुनाह जेल में रहे, फिर भी हमारी सरकार ने जाकर सुप्रीम कोर्ट में केस डाल दिया। लेकिन मालेगांव ब्लास्ट में आरोपियों के संबंध में सरकारी वकील से कहा गया कि इनके साथ नरमी बरती जाए। आरोपियों के छूटने के बाद इनके खिलाफ अपील भी नहीं की गई। तो सामने दिख रहा है कि देश के अंदर कानून क्या है। मुसलमानों को क्यों जबरदस्ती फंसाया जाता है।

दूसरी ओर प्रदेश में प्रदूषण के मुद्दे पर भी सपा नेता अबू आजमी ने सरकार को घेरने का काम किया। वह मुंबई में बढ़ते प्रदूषण और बढ़ते एयर क्वालिटी इंडेक्स (एक्यूआई) लेवल पर चिंता जताने के लिए एक बैनर लेकर विधान भवन पहुंचे।

अबू आजमी ने कहा कि मास्क पहनकर इसलिए आए हैं क्योंकि पूरे मुंबई के हालात खराब हैं, प्रदूषण बढ़ता जा रहा है, लोग बीमार होते जा रहे हैं।

पूर्व डिप्टी सीएम अजित पवार का जिक्र करते हुए सपा नेता ने कहा कि अजित 'दादा' के साथ हुए हादसे पर कई सवालिया निशान खड़े हुए हैं। हमारी भी यह मांग है कि किसी बाहरी एजेंसी से इस पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराई जाए, ताकि उनके परिवार, चाहने वालों और जनता के बीच किसी भी तरह का असंतोष न रहे और सच्चाई सामने आ सके।

--आईएएनएस

डीकेएम/एएस