आसपास के सभी नदी-नालों की जानकारी जुटाने के निर्देश दिए गए: एसपी आशुतोष बागरी
बुरहानपुर, 1 जुलाई (आईएएनएस)। पुलिस और जिला प्रशासन मानसून के मौसम और बारिश से जुड़ी किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए पूरी तरह तैयार है। निवासियों को सलाह दी गई है कि वह पानी भरे इलाकों से दूर रहें और सुरक्षा से जुड़े आधिकारिक निर्देशों का पालन करें। बुरहानपुर के पुलिस अधीक्षक आशुतोष बागरी ने यह सलाह साझा की और प्रशासन की तैयारियों के बारे में जानकारी दी। उन्होंने बुधवार को इस बारे में समाचार एजेंसी आईएएनएस से भी बातचीत की।
आशुतोष बागरी ने कहा कि पुलिस प्रशासन को साफ निर्देश दिया गया है कि आसपास जितने भी नदी-नाले आते हैं, उन सभी की जानकारी अपने पास जुटाकर रखें। ग्राम पंचायत के साथ मिलकर आम लोगों को जागरूक करने की कोशिश करें, ताकि लोगों के बीच में संदेश जाए कि इस तरह की स्थिति खतरनाक हो सकती है। साथ ही, लोगों को जागरूक करने के लिए बोर्ड भी लगाए जाए।
उनके मुताबिक, नगर रक्षा समिति और ग्राम रक्षा समिति के लोगों को भी तैयार किया जाए। इस दिशा में पूरी रूपरेखा निर्धारित कर ली जाए, ताकि किसी भी प्रकार का हादसा न हो। वहीं, बड़े पुलों पर हमारी वैसे भी नजर रहती है। इस संबंध में हमारी पुलिस पदाधिकारियों के साथ भी बैठक हो चुकी है। इस संबंध में निर्देश भी जारी किए जा चुके हैं। हम लगातार इस पर निगरानी कर रहे हैं।
वहीं, उन्होंने बताया कि होमगार्ड के अलावा पुलिस पदाधिकारियों को भी हर प्रकार की आपदा से निपटने के लिए ट्रेनिंग दी गई। गांव के लेवल पर जो भी तैराक रहते हैं, हम लोग उनसे भी संपर्क में हैं। अगर किसी भी प्रकार की अप्रिय स्थिति पैदा होगी तो निश्चित तौर पर उनकी मदद लेंगे और स्थिति को अनुकूल बनाने की कोशिश करेंगे। इससे पहले इस संबंध में विशेष रूप से सात दिन का प्रशिक्षण कार्यक्रम का भी आयोजन किया गया है। इसमें आपदा प्रबंधन भी एक बिंदू था, जिसके तहत प्राकृतिक आपदा को लेकर आम लोगों को जागरूक करने का फैसला किया गया है।
पुलिस अधीक्षक आशुतोष बागरी ने कहा कि अगर बार-बार मना करने के बाद भी कोई नहीं मानता है तो निश्चित तौर पर उसके खिलाफ तय नियमों के तहत कार्रवाई होगी।
--आईएएनएस
एसएचके/डीकेपी