☰
×

आरक्षित श्रेणियों के लिए बैंक ऑफ बड़ौदा में निकली भर्ती, सीनियर मैनेजर सहित 11 पदों पर आवेदन शुरू, जानें कौन पात्र

 

नई दिल्ली, 28 अक्टूबर (आईएएनएस)। बैंकिंग क्षेत्र से जुड़े जो लोग नौकरी की तलाश में जुटे हैं, उनके लिए एक खास मौका सामने आया है। दरअसल, बैंक ऑफ बड़ौदा (बीओबी) ने विशेष भर्ती अभियान-2026 के तहत आरक्षित श्रेणियों (अनुसूचित जाति/अनुसूचित जनजाति/अन्य पिछड़ा वर्ग) के उम्मीदवारों के लिए बैकलॉग रिक्तियों के अंतर्गत नियमित आधार पर विभिन्न 11 पदों पर भर्ती की घोषणा एक आधिकारिक अधिसूचना जारी करके की है।

बीओबी की ओर से जारी 11 रिक्तियों में सीनियर मैनेजर - प्रोजेक्ट फाइनेंस - इंफ्रास्ट्रक्चर और ईएसजी (एमएमजी/एस-III) का 1, सीनियर मैनेजर - एमएसएमई क्रेडिट रिस्क मैनेजमेंट (एमएमजी/एस-III) का 1, सीनियर मैनेजर - एंटरप्राइज और ऑपरेशनल रिस्क मैनेजमेंट (एमएमजी/एस-III) का 1, सीनियर मैनेजर - फ्रॉड इंसिडेंस और रूट कॉज एनालिसिस (एमएमजी/एस-III) का 1, मैनेजर - डिजिटल फ्रॉड (एमएमजी/एस-II) के 2, सीनियर मैनेजर - एमएसएमई रिलेशनशिप (एमएमजी/एस-III) का 1, सीनियर मैनेजर - बिजनेस फाइनेंस (एमएमजी/एस-III) के 2 और चीफ मैनेजर - इंटरनल कंट्रोल्स (एसएमजी/एस-IV) के 2 पद शामिल हैं।

इन सभी पदों के लिए ऑनलाइन माध्यम से आवेदन प्रक्रिया 28 अक्टूबर से शुरू हो गई है और अप्लाई करने की अंतिम तिथि 17 नवंबर तक तय की गई है। जो पात्र और इच्छुक उम्मीदवार इन पदों पर नियुक्त होने के लिए एप्लीकेशन फॉर्म भरना चाहते हैं, वे बीओबी की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर तय अंतिम तिथि तक या उससे पहले अपनी रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया सफलतापूर्वक पूरी कर सकते हैं।

आवेदन करने वाले अभ्यर्थियों के पास किसी मान्यता प्राप्त संस्थान या विश्वविद्यालय से सीनियर मैनेजर - प्रोजेक्ट फाइनेंस - इंफ्रास्ट्रक्चर और ईएसजी, सीनियर मैनेजर - एमएसएमई क्रेडिट रिस्क मैनेजमेंट और सीनियर मैनेजर - एंटरप्राइज और ऑपरेशनल रिस्क मैनेजमेंट के लिए चार्टर्ड अकाउंटेंट (सीए) या संबंधित क्षेत्र में फुल-टाइम एमबीए/पीजीडीएम या इसके समकक्ष योग्यता; सीनियर मैनेजर - फ्रॉड इंसिडेंस और रूट कॉज एनालिसिस के लिए एनालिटिक्स, डेटा साइंस, फाइनेंस या अकाउंटिंग के क्षेत्र में बैचलर या मास्टर डिग्री या चार्टर्ड अकाउंटेंट (सीए) या कंपनी सेक्रेटरी (सीएस); मैनेजर - डिजिटल फ्रॉड के लिए कंप्यूटर साइंस/आईटी/डेटा साइंस/एमसीए में ग्रेजुएशन/पोस्ट-ग्रेजुएशन डिग्री; सीनियर मैनेजर - एमएसएमई रिलेशनशिप के लिए किसी भी विषय में ग्रेजुएशन की डिग्री; सीनियर मैनेजर - बिजनेस फाइनेंस और चीफ मैनेजर - इंटरनल कंट्रोल्स के लिए किसी भी विषय में ग्रेजुएशन और योग्यता से चार्टर्ड अकाउंटेंट होने चाहिए। इसके अलावा, कैंडिडेट्स के पास पद के अनुसार प्रासंगिक क्षेत्र में निर्धारित न्यूनतम 3 से 8 वर्षों का अनुभव होना जरूरी है।

आवेदकों की न्यूनतम आयु पोस्ट के अनुसार 24 से 30 वर्षों के बीच और अधिकतम आयु 34 से 40 वर्षों के बीच तय की गई है, जिसकी गणना 1 अक्टूबर 2026 के आधार पर की जाएगी। वहीं, आरक्षित श्रेणी से आने वाले कैंडिडेट्स को नियमानुसार अधिकतम आयु सीमा में छूट दी जाएगी।

योग्य अभ्यर्थियों का चयन आवेदनों की जांच, ऑनलाइन टेस्ट, साइकोमेट्रिक टेस्ट या अन्य टेस्ट, ग्रुप डिस्कशन और/या इंटरव्यू (या इंटरव्यू के कई दौर) और दस्तावेज सत्यापन के आधार पर किया जाएगा, जिसके बाद चयनित की सैलरी 64,820 से 1,20,940 रुपए के बीच प्रति माह होगी। इसके अलावा, अभ्यर्थियों को अन्य लाभ और भत्ते भी दिए जाएंगे।

आवेदन पत्र भरते समय उम्मीदवारों को अपने वर्ग अनुसार निर्धारित आवेदन शुल्क का भुगतान ऑनलाइन माध्यम से करना होगा, जो ओबीसी के लिए 850 रुपए और एससी, एसटी, पीडब्ल्यूडी, ईएसएम/डीईएसएम और महिला उम्मीदवारों के लिए 175 रुपए तय किया गया है।

--आईएएनएस

डीके/डीकेपी