☰
×

'आपको मेरी शुभकामनाएं,' एशियन गेम्स में भारतीय एथलीट्स ने लहराया तिरंगा, राष्ट्रपति मुर्मु ने सराहा

 

नई दिल्ली, 26 सितंबर (आईएएनएस)। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने 'एशियन गेम्स 2026' में शनिवार को देश के लिए मेडल जीतने वाली भारतीय पुरुष कबड्डी टीम समेत, शॉट पुटर तेजिंदरपाल सिंह तूर और रनर प्राची चौधरी को बधाई दी है।

जापान के आइची-नागोया में जारी एशियन गेम्स 2026 में भारतीय महिला कबड्डी टीम ने शनिवार को ईरान के खिलाफ 37-34 से जीत हासिल करते हुए 'गोल्ड मेडल' अपने नाम किया, जिसके कुछ घंटों बाद भारतीय पुरुष कबड्डी टीम ने फाइनल में ईरान के विरुद्ध 40-34 से जीत दर्ज की।

भारतीय राष्ट्रपति के आधिकारिक 'एक्स' हैंडल पर पुरुष कबड्डी टीम की तारीफ में लिखा गया, "एशियन गेम्स 2026 में गोल्ड मेडल जीतने और अपना खिताब सफलतापूर्वक बचाने के लिए हमारी पुरुष कबड्डी टीम को मेरी हार्दिक बधाई। महिला टीम के भी गोल्ड जीतने के साथ, भारत ने कबड्डी में 'गोल्डन स्वीप' हासिल किया है। यह ऐतिहासिक दोहरी जीत टीमों के कौशल, संयम, दृढ़ता और बेहतरीन समूह प्रयास को दर्शाती है, जिसकी बदौलत उन्हें यह जीत मिली।"

दो बार के डिफेंडिंग चैंपियन तेजिंदरपाल सिंह तूर ने शनिवार को नागोया सिटी मिजुहो पार्क एथलेटिक स्टेडियम में पुरुषों के शॉट पुट फाइनल में 20.06 मीटर के थ्रो के साथ सिल्वर मेडल अपने नाम किया। यह लगातार तीसरे एशियन गेम्स में उनका पदक था।

इस उपलब्धि पर राष्ट्रपति मुर्मु ने दिग्गज शॉट पुट खिलाड़ी को बधाई देते हुए कहा, "एशियन गेम्स 2026 में पुरुषों के शॉट पुट इवेंट में सिल्वर मेडल जीतने और लगातार तीसरी बार एशियन गेम्स में मेडल हासिल करने पर तेजिंदरपाल सिंह तूर को हार्दिक बधाई। आपके दमदार थ्रो और लगातार अच्छा प्रदर्शन आपकी ताकत, कौशल और निरंतरता को दर्शाते हैं।"

प्राची चौधरी ने शनिवार महिलाओं की 400 मीटर दौड़ में 53.21 सेकंड का समय निकालकर तीसरा स्थान हासिल करते हुए देश को ब्रॉन्ज मेडल जिताया।

उनकी सराहना करते हुए राष्ट्रपति ने कहा, "एशियन गेम्स 2026 में महिलाओं की 400 मीटर दौड़ में ब्रॉन्ज मेडल जीतने पर प्राची चौधरी को बहुत-बहुत बधाई। ट्रैक पर आपका दृढ़ प्रदर्शन आपकी कड़ी मेहनत और लगन को दर्शाता है। भविष्य में और भी कई उपलब्धियां हासिल करने के लिए आपको मेरी शुभकामनाएं।"

--आईएएनएस

आरएसजी