आप सांसदों के इस्तीफे पर बोले तरुण चुघ, 'अपने ही जाल में फंसी पार्टी'
नई दिल्ली, 24 अप्रैल (आईएएनएस)। आम आदमी पार्टी के कई सांसदों द्वारा इस्तीफा देने के बाद भारतीय जनता पार्टी में शामिल होने से राजनीतिक हलचल तेज हो गई है। इस घटनाक्रम पर भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव तरुण चुघ ने प्रतिक्रिया देते हुए इसे पंजाब और देश के लिए ऐतिहासिक दिन बताया।
उन्होंने कहा कि आम आदमी पार्टी अपने ही बनाए जाल में फंस गई है और पार्टी नेतृत्व पर भ्रष्टाचार, लूट और सिंडिकेट की राजनीति के आरोप लगाए।
वहीं, दिल्ली से भाजपा सांसद प्रवीण खंडेलवाल ने एक वीडियो जारी कर कहा कि राघव चड्ढा समेत सात सांसदों ने आम आदमी का दामन छोड़ दिया। इससे एक बात बहुत स्पष्ट होती है कि अरविंद केजरीवाल जिन मोरल वैल्यूज को लेकर राजनीति में आए थे,आज वह पूरी तरह से एक्सपोज हो गए हैं।
खंडेलवाल ने कहा कि अरविंद केजरीवाल जो बड़ी-बड़ी बातें करके आए थे, राजनीति में शुचिता की बात करते थे। आज उनके सात सांसद साथ छोड़कर चले गए हैं। निश्चित रूप से इससे एक बात और स्पष्ट होती है कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में ऐसे सभी लोग एकजुट होना चाहते हैं, जो भारत को अपनी माता कहते हैं और राष्ट्रीयता के साथ देश से जुड़ना चाहते हैं।
भाजपा नेता खंडेलवाल ने वीडियो में आगे कहा कि मैं राघव चड्डा और उनके जितने भी साथी हैं, उनको बधाई देता हूं। वह इस अरविंद केजरीवाल के जंजाल से छूटकर निकले हैं। मुझे पूरी उम्मीद है कि राष्ट्रहित में मिलकर काम करेंगे।
भाजपा के प्रवक्ता शाहनवाज हुसैन ने कहा कि समय के साथ अरविंद केजरीवाल राजनीतिक रूप से अलग-थलग पड़ते जा रहे हैं। उनके अनुसार, पार्टी के भीतर ही लोगों को अब यह एहसास हो गया है कि आम आदमी पार्टी अपने मूल उद्देश्यों से भटक चुकी है, जिसके चलते उनके करीबी सहयोगी भी उनसे दूरी बना रहे हैं।
इसके अलावा, अमृतसर में भाजपा नेता अमरपाल सिंह अजनाला ने पार्टी में शामिल होने वाले नेताओं का स्वागत किया। उन्होंने कहा कि जो लोग आम आदमी पार्टी छोड़कर भाजपा में आ रहे हैं, वे राष्ट्रहित में एक नई दिशा में कदम बढ़ा रहे हैं और पंजाब भाजपा की ओर से उन्हें शुभकामनाएं दी जाती हैं।
--आईएएनएस
एएसएच/एबीएम