'आप' छोड़ने वाले सांसदों का नितिन नवीन ने भाजपा में किया स्वागत
नई दिल्ली, 24 अप्रैल (आईएएनएस)। राघव चड्ढा समेत 7 राज्यसभा सांसदों ने आम आदमी पार्टी छोड़ने का ऐलान कर दिया। राघव चड्ढा, अशोक मित्तल और संदीप पाठक ने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस कर भाजपा में शामिल होने की घोषणा की और फिर भाजपा मुख्यालय पहुंचकर पार्टी में शामिल हो गए। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने पार्टी की सदस्यता ग्रहण करने वाले तीन सांसदों का स्वागत किया और अन्य को शुभकामनाएं दीं।
सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर नितिन नवीन ने लिखा कि आज पार्टी मुख्यालय में राघव चड्ढा, संदीप पाठक और अशोक मित्तल का भाजपा परिवार में स्वागत किया गया।
उन्होंने आगे लिखा कि साथ ही, हरभजन सिंह, स्वाति मालीवाल, विक्रम साहनी और राजिंदर गुप्ता को प्रधानमंत्री मोदी के गतिशील नेतृत्व में काम करने के लिए शुभकामनाएं दीं।
नितिन नवीन की पोस्ट के अनुसार, राघव चड्ढा, अशोक मित्तल और संदीप पाठक भाजपा की सदस्यता ले चुके हैं, जबकि हरभजन सिंह, स्वाति मालीवाल, विक्रम साहनी और राजिंदर गुप्ता जल्द सदस्यता ले सकते हैं।
वहीं, इस पूरे घटनाक्रम पर अरविंद केजरीवाल ने कहा, "बीजेपी ने फिर से पंजाबियों के साथ धोखा किया।" इस पर भाजपा नेता विनोद तावड़े ने पलटवार करते हुए लिखा कि अरविंद केजरीवाल जी की मानसिक स्थिति को देखकर लग रहा है कि 'धक्का' कुछ ज्यादा ही जोरदार लगा है।
राज्यसभा सांसद राघव चड्ढा ने पार्टी छोड़ने के फैसले पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि आप अपने मूल सिद्धांतों से पूरी तरह भटक गई है। उन्होंने कहा कि जिस आप को मैंने 15 सालों तक अपने खून से सींचा, वह अपने मार्ग से भटक गई है। अब यह देशहित के लिए नहीं, बल्कि अपने निजी फायदों के लिए काम कर रही है।
उन्होंने कहा कि पार्टी को दिल्ली, पंजाब और अन्य राज्यों में विस्तार देने के लिए सभी नेताओं ने मिलकर कड़ी मेहनत की थी, लेकिन अब हालात बदल चुके हैं। मैं आप से दूर जा रहा हूं और जनता के पास आ रहा हूं।
भाजपा में शामिल होने के फैसले पर चड्ढा ने प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व की सराहना की। उन्होंने कहा कि पिछले 12 सालों में केंद्र सरकार ने कई ऐसे फैसले लिए हैं, जिन्हें लेने से पहले कई नेता डरते थे। जनता ने इस नेतृत्व पर तीन बार मुहर लगाई है और अब हम भी उसी नेतृत्व में देश के लिए काम करेंगे।
--आईएएनएस
एएमटी/एबीएम