×

मध्य प्रदेशः आंधी-तूफान से हाट बाजार में महिला पर गिरा विशालकाय पेड़, मौत

 

शहडोल, 15 मई (आईएएनएस)। मध्य प्रदेश में लगातार मौसम परिवर्तन के चलते आंधी-तूफान और बारिश का दौर जारी है। इसी बीच शुक्रवार देर शाम शहडोल जिले में मौसम का कहर देखने को मिला। यहां आंधी-बारिश के कारण पेड़ गिरने से एक महिला की मौत हो गई।

जिला मुख्यालय से करीब 57 किलोमीटर दूर अमलाई थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम गिरवा के हाट बाजार में अचानक तेज आंधी के दौरान एक विशाल महुआ का पेड़ गिर गया, जिसकी चपेट में आने से एक महिला की मौत हो गई। घटना के बाद बाजार क्षेत्र में कुछ समय के लिए जाम जैसी स्थिति बन गई। सूचना मिलते ही अमलाई थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को संभालते हुए आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी।

अमलाई थाना प्रभारी भूपेंद्रमणि पाण्डेय ने आईएएनएस को बताया कि हाट बाजार में लगा महुआ का पेड़ तेज आंधी-तूफान के कारण अचानक गिर गया। इस दौरान पेड़ के पास सब्जी की दुकान लगाकर बैठी सोगी बाई महरा (46) निवासी मलया केशवाही पेड़ की चपेट में आ गईं, जिससे मौके पर ही उनकी मौत हो गई।

मृतक महिला अपने परिवार के भरण-पोषण के लिए हाट बाजार में सब्जी की दुकान लगाती थी। घटना के समय बाजार में काफी भीड़ मौजूद थी। पेड़ गिरते ही मौके पर अफरातफरी मच गई और आसपास मौजूद लोगों ने किसी तरह भागकर अपनी जान बचाई। फिलहाल पुलिस ने मामले में आगे की आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है।

मौसम विभाग ने मध्य प्रदेश में 15 मई से 18 मई तक कई जिलों में लू चलने की संभावना जताई है। आईएमडी बुलेटिन के अनुसार अगले 4 दिन प्रदेश में मौसम इस तरह रहेगा। 16 से 18 मई तक ग्वालियर-चंबल, बुंदेलखंड और मालवा क्षेत्र में तेज गर्म हवाओं का असर कई जिलों में तापमान 44 से 46 डिग्री तक पहुंचने की संभावना है। इसमें सबसे ज्यादा गर्म क्षेत्रों में धार, इंदौर, रतलाम, उज्जैन सहित आसपास के इलाके में भीषण लू का अलर्ट रहेगा। पूरे प्रदेश में गर्म हवाएं और हीटवेव का असर देखने को मिलेगा।

--आईएएनएस

ओपी/वीसी