आम आदमी पार्टी की कोई विचारधारा नहीं, सत्ता के लिए किसी भी हद तक जाने को तैयार: पवन बंसल
चंडीगढ़, 28 अप्रैल (आईएएनएस)। सात राज्यसभा सदस्यों के आम आदमी पार्टी से अलग हो जाने के बाद कांग्रेस के वरिष्ठ नेता पवन बंसल ने आप पर बड़ा आरोप लगाया है। चंडीगढ़ में आईएएनएस से बातचीत में पवन बंसल ने कहा कि आम आदमी पार्टी की कोई विचारधारा नहीं है और यह पार्टी सत्ता के लिए किसी भी हद तक जा सकती है।
उन्होंने दावा किया कि आम आदमी पार्टी सत्ता हासिल करने के लिए आतंकवादियों से भी मिल सकती है।
राघव चड्ढा और छह अन्य सांसदों के आप छोड़कर भाजपा में शामिल होने पर कांग्रेस नेता पवन बंसल ने कहा कि मेरा मानना है कि राज्यसभा सदस्यों का इस तरह पार्टी छोड़ना अनैतिक है। एक आम धारणा यह है कि आम आदमी पार्टी कोई पार्टी नहीं है, बल्कि, इसका इस्तेमाल एक खास माहौल बनाने के लिए एक साधन के तौर पर किया गया था।
कांग्रेस नेता ने कहा कि भाजपा ने आप का इस्तेमाल एक टूल के तौर पर किया। अन्ना आंदोलन के दौरान केजरीवाल और उनके साथ जो लोग शामिल थे, वे बदलाव की बात करते थे। इसी दौरान स्वार्थ के लिए पार्टी का गठन किया गया। अन्ना आंदोलन के दौरान जो लोग केजरीवाल के साथ थे, वे एक-एक करके छोड़ने लगे, क्योंकि केजरीवाल खुद को आम आदमी से ऊपर समझने लगे।
कांग्रेस नेता ने कहा कि पार्टी विचारधारा से होती है। इस पार्टी में कोई विचारधारा नहीं है। यह सत्ता के लिए आतंकवादियों से भी मिल सकते थे। ऐसी पार्टी के साथ ऐसा ही होता है।
उन्होंने कहा कि अभी तो सात राज्यसभा सांसद बाहर निकले हैं, आगे क्या होगा पता नहीं। मैं समझता हूं कि राज्यसभा का कोई सदस्य बन जाता है तो उसका जाना ठीक नहीं है।
जस्टिस स्वर्णकांता शर्मा को लिखे गए आप नेता मनीष सिसोदिया के पत्र पर पवन बंसल ने कहा कि यह उनका निजी मामला है, उन्हें जो करना है, करने दें। उन्होंने जज को केस से हटने की अपील की है, लेकिन जज ने साफ तौर पर कहा कि 'फोरम शॉपिंग' की इजाजत नहीं है। इस पार्टी का सत्याग्रह करना हास्यास्पद लगता है। केजरीवाल खुद को आम आदमी से बढ़कर मानते हैं।
--आईएएनएस
डीकेएम/वीसी