×

राज्यसभा चुनाव: क्रॉस वोटिंग को लेकर संजय सरावगी बोले, कई विधायक अपने क्षेत्र में काम करना चाहते हैं

 

पटना, 16 मार्च (आईएएनएस)। बिहार भाजपा के अध्यक्ष संजय सरावगी ने राज्यसभा चुनाव को लेकर सोमवार को बड़ा दावा किया। उन्होंने कहा कि आज के राज्यसभा चुनाव में एनडीए की सभी पांच सीटों पर जीत पक्की है। उन्होंने कहा कि आरजेडी को अपने विधायकों पर भरोसा नहीं है। उनके विधायक कहां हैं, वो तो आरजेडी वाले ही बता पाएंगे। हमारे विधायकों पर कोई पाबंदी नहीं है।

उन्होंने कहा कि हम लोगों को अपने विधायकों पर कोई अविश्वास नहीं है। विधायकों पर पूरा विश्वास है। क्रॉस वोटिंग पर उन्होंने कहा कि बहुत सारे विधायक हैं, जो अपने क्षेत्र में काम कराना चाहते हैं। एनडीए के नीतियों से प्रभावित हैं, तो उनके मन में क्या है, वो तो मतदान के वक्त पता चलेगा।

बिहार में राज्यसभा चुनाव के लिए सोमवार को मतदान है। रविवार को राज्यसभा चुनाव के मद्देनजर बिहार के उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के आवास पर एनडीए के सभी विधायकों और विधान पार्षदों की बैठक बुलाई गई थी। राज्यसभा चुनाव को लेकर यहां मॉक वोटिंग की तैयारी की गई, जिसमें विधायकों को राज्यसभा चुनाव में वोटिंग की प्रक्रिया समझाई गई।

मंत्री संजय पासवान ने एनडीए की बैठक पर कहा था कि राज्यसभा चुनाव में मॉक वोटिंग करना सीखना ही पड़ेगा। हम जानते नहीं हैं कि किस प्रकार वोट डाला जाता है। 2014 के बाद अब वोट डाला जा रहा है, तो इसलिए वोट डालना सीखना जरूरी है। जदयू विधायक विनय चौधरी ने एनडीए की बैठक पर कहा कि आज बताया जाएगा कि किस प्रकार मतदान करना है। बस यही होगा। पांचों सीटें जीतेंगे।

दस राज्यों में राज्यसभा की 37 सीटों के लिए द्विवार्षिक चुनाव आज होंगे। मतदान सुबह 9:00 बजे से शाम 4:00 बजे तक होगा और वोटों की गिनती शाम 5 बजे शुरू होगी। भारतीय चुनाव आयोग (ईसीआई) ने चुनावी प्रक्रिया के सुचारू संचालन को सुनिश्चित करने के लिए एक विस्तृत कार्यक्रम तैयार किया है।

--आईएएनएस

एसडी/वीसी