शाहीनबाग में ‘चॉकलेट स्ट्रॉबेरी’ बेच रही युवती का ठेला हटवाया, भीड़ बढ़ने पर पुलिस को उठाना पड़ा कदम
राष्ट्रीय राजधानी नई दिल्ली के शाहीन बाग इलाके से एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। यहां लंदन के स्ट्रीट फूड की तर्ज पर स्ट्रॉबेरी पर पिघली हुई चॉकलेट डालकर बेच रही एक युवती का ठेला उस समय चर्चा का विषय बन गया, जब उसे देखने और खरीदने के लिए लोगों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी।
दरअसल, युवती अपने कार्ट पर ताज़ी स्ट्रॉबेरी पर गर्म चॉकलेट कोटिंग कर आकर्षक अंदाज में सर्व कर रही थी। उसकी इसी अनोखी स्टाइल और प्रेजेंटेशन की कुछ रील्स सोशल मीडिया पर वायरल हो गईं। वीडियो में देखा जा सकता है कि वह बेहद सलीके से स्ट्रॉबेरी को चॉकलेट में डुबोकर पैक कर रही है, जिसे लोग बड़े चाव से खरीद रहे हैं।
रील्स हुईं वायरल, बढ़ने लगी भीड़
जैसे ही उसकी रील्स इंस्टाग्राम और अन्य प्लेटफॉर्म्स पर वायरल हुईं, इलाके में लोगों की भीड़ जुटने लगी। दूर-दूर से लोग सिर्फ इस ‘वायरल चॉकलेट स्ट्रॉबेरी’ को देखने और चखने के लिए पहुंचने लगे। देखते ही देखते हालात ऐसे हो गए कि सड़क पर जाम जैसे हालात बनने लगे।
स्थानीय लोगों का कहना है कि शाम के समय वहां इतनी भीड़ हो जाती थी कि राहगीरों को निकलने में दिक्कत होने लगी। दुकानदारों ने भीड़ और अव्यवस्था को लेकर चिंता जताई।
पुलिस ने कराया दुकानों का शटर डाउन
स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस को हस्तक्षेप करना पड़ा। भीड़ को तितर-बितर करने के लिए पहले आसपास की कुछ दुकानों को अस्थायी रूप से बंद कराया गया। बाद में युवती का कार्ट भी वहां से हटवा दिया गया, ताकि इलाके में सामान्य स्थिति बहाल की जा सके।
पुलिस का कहना है कि यह कार्रवाई कानून-व्यवस्था और ट्रैफिक प्रबंधन को ध्यान में रखते हुए की गई। बिना अनुमति सड़क किनारे भीड़ इकट्ठा होना सुरक्षा के लिहाज से जोखिम भरा हो सकता है।
सोशल मीडिया पर बंटी राय
इस पूरे घटनाक्रम के बाद सोशल मीडिया पर बहस छिड़ गई है। कुछ लोग पुलिस की कार्रवाई को सही ठहरा रहे हैं और कह रहे हैं कि भीड़ नियंत्रण जरूरी था। वहीं कई यूजर्स युवती के समर्थन में उतर आए हैं। उनका कहना है कि अगर भीड़ ज्यादा थी तो प्रशासन को बेहतर व्यवस्था करनी चाहिए थी, न कि उसका ठेला हटवाना चाहिए था।