न्यूयॉर्क एयरपोर्ट पर बड़ा विमान हादसा, वीडियो में देंखे लैंडिंग के दौरान फायर ट्रक से टकराया एयर कनाडा का प्लेन
अमेरिका के New York City स्थित LaGuardia Airport पर रविवार रात एक बड़ा विमान हादसा हो गया। Air Canada Express का एक विमान लैंडिंग के दौरान रनवे पर मौजूद फायर ट्रक से टकरा गया, जिससे विमान का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।
इस भीषण हादसे में विमान के पायलट और को-पायलट की मौत हो गई, जबकि फायर ट्रक में सवार दो लोग गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं। हादसे के बाद पूरे एयरपोर्ट पर अफरा-तफरी मच गई और तुरंत आपातकालीन सेवाओं को सक्रिय कर दिया गया।
जानकारी के मुताबिक, यह फ्लाइट कनाडा के Montreal से न्यूयॉर्क आ रही थी। Jazz Aviation द्वारा संचालित इस CRJ-900 विमान में कुल 72 यात्री और 4 क्रू मेंबर सवार थे। टक्कर के समय विमान लैंडिंग प्रक्रिया में था, तभी यह हादसा हुआ।
टक्कर इतनी जोरदार थी कि विमान का अगला हिस्सा पूरी तरह से नष्ट हो गया। हालांकि, यात्रियों को सुरक्षित निकालने के लिए तुरंत रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया गया। अभी तक यात्रियों के बारे में किसी बड़े नुकसान की सूचना नहीं मिली है, लेकिन कई लोग सदमे में हैं।
हादसे के तुरंत बाद एयरपोर्ट प्रशासन ने रनवे 4 को बंद कर दिया और पूरे एयरपोर्ट पर इमरजेंसी घोषित कर दी गई। सभी फ्लाइट ऑपरेशन अस्थायी रूप से रोक दिए गए और आने वाली उड़ानों को अन्य एयरपोर्ट्स की ओर डायवर्ट कर दिया गया।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि हादसे से पहले एयर ट्रैफिक कंट्रोलर ने विमान और ग्राउंड पर मौजूद फायर ट्रक दोनों को रुकने के निर्देश दिए थे। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कंट्रोलर लगातार “स्टॉप-स्टॉप” चिल्लाता रहा, लेकिन किसी कारणवश दोनों के बीच टक्कर हो गई।
एविएशन विशेषज्ञों का कहना है कि इस तरह के हादसे बेहद दुर्लभ होते हैं और आमतौर पर कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के चलते टाले जाते हैं। अब जांच एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि आखिर चेतावनी के बावजूद यह दुर्घटना कैसे हुई।
फिलहाल, इस हादसे की विस्तृत जांच शुरू कर दी गई है और एयरपोर्ट पर सामान्य स्थिति बहाल करने के प्रयास जारी हैं। अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही हादसे के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा।