सिरसा में राम रहीम के कार्यक्रम में उमड़ी भारी भीड़, वीडियो में जाने स्टेडियम में गूंजे ‘पिताजी’ के नारे; घंटों चला डांस और म्यूजिक
हरियाणा के सिरसा में 13 सितंबर की रात डेरा सच्चा सौदा प्रमुख गुरमीत राम रहीम सिंह के कार्यक्रम में बड़ी संख्या में लोग पहुंचे। स्टेडियम में आयोजित ‘रूबरू नाइट्स’ कार्यक्रम में आयोजकों के मुताबिक करीब एक लाख लोगों की भीड़ जुटी। राम रहीम के मंच पर पहुंचते ही स्टेडियम तालियों और ‘पिताजी’ के नारों से गूंज उठा। कार्यक्रम रात करीब 9 बजे शुरू हुआ। कार्यक्रम में शामिल होने वाले लोगों को स्टेडियम में प्रवेश से पहले कई स्तर की सुरक्षा जांच से गुजरना पड़ा। इसके बाद लोग कार्यक्रम स्थल के अंदर पहुंचे।
मंच पर आते ही गूंजने लगा स्टेडियम
राम रहीम के मंच पर पहुंचते ही मौजूद लोगों ने तालियों और नारों के साथ उसका स्वागत किया। भीड़ को देखकर उसने कहा, “आज तो रिकॉर्ड ही टूट गया।”इसके बाद म्यूजिक शुरू हुआ और राम रहीम ने लोगों के साथ कार्यक्रम में हिस्सा लिया। उसने कहा कि अब कुछ सुनाता हूं और इसके बाद गाने का सिलसिला शुरू हुआ।
गानों पर झूमते नजर आए लोग
कार्यक्रम में डीजे पर कई गाने बजाए गए। राम रहीम ने ‘कांचा कांचा ताजा ताजा मीठा मीठा यू आर माई बेस्ट’ गाने से शुरुआत की। इसके बाद कई घंटों तक गाने और डांस का कार्यक्रम चलता रहा।इस दौरान राम रहीम मंच से नीचे आकर मौजूद लोगों के बीच भी डांस करता नजर आया। कार्यक्रम में मौजूद लोग भी संगीत पर झूमते रहे।
काले कपड़ों में पहुंचा राम रहीम
राम रहीम ने कार्यक्रम के दौरान काले रंग के कपड़े पहने हुए थे और सिर पर काले रंग का साफा बांध रखा था। स्टेडियम में मौजूद लोगों के बीच उसके कार्यक्रम को लेकर काफी उत्साह दिखाई दिया।गुरमीत राम रहीम सिंह दुष्कर्म के मामलों में दोषी ठहराए जाने के बाद सजा काट रहा है और अलग-अलग मौकों पर उसे पैरोल या फरलो मिलती रही है। उसके सार्वजनिक कार्यक्रमों को लेकर समय-समय पर चर्चा होती रही है।