जननायक एक्सप्रेस में सीट को लेकर दो परिवारों में मारपीट, बीच-बचाव करने पहुंचे GRP के 2 सिपाहियों की भी पिटाई; वर्दी फाड़ी
बिहार के दरभंगा से अमृतसर जा रही जननायक एक्सप्रेस में सीट को लेकर शुरू हुआ विवाद देखते ही देखते हिंसक झड़प में बदल गया। ट्रेन में दो परिवारों के बीच कहासुनी के बाद मारपीट शुरू हो गई। हंगामा शांत कराने पहुंचे जीआरपी के दो सिपाही भी इसकी चपेट में आ गए। आरोप है कि एक महिला, उसकी तीन बेटियों और दो युवकों ने पुलिसकर्मियों के साथ हाथापाई की और उनकी वर्दी तक फाड़ दी।
मामले में जीआरपी के दोनों सिपाहियों की शिकायत पर चार महिलाओं और दो युवकों समेत छह लोगों के खिलाफ FIR दर्ज की गई है। हालांकि, महिला पक्ष ने भी पुलिसकर्मियों पर मारपीट करने का आरोप लगाया है।
चलती ट्रेन में सीट को लेकर शुरू हुआ विवाद
जानकारी के मुताबिक, बुधवार शाम करीब 6:30 बजे मुरादाबाद रेलवे स्टेशन से जननायक एक्सप्रेस नजीबाबाद के लिए रवाना हुई थी। ट्रेन में बिहार की एक महिला अपनी सीट पर लेटी हुई थी। इसी दौरान दूसरे परिवार की एक महिला ने उससे बैठने के लिए जगह मांगी।
इसी बात को लेकर दोनों परिवारों के बीच बहस शुरू हो गई। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और दोनों पक्षों के बीच मारपीट होने लगी। ट्रेन में एस्कॉर्ट ड्यूटी कर रहे जीआरपी मुरादाबाद के सिपाही ललित सागर और अजय कुमार ने मौके पर पहुंचकर मामला शांत कराने की कोशिश की।
बीच-बचाव करने पहुंचे सिपाहियों से भी हाथापाई
आरोप है कि सिपाहियों ने गोद में बच्चा लेकर खड़ी महिला को बैठने के लिए सीट देने को कहा। इस पर महिला ने मोबाइल से वीडियो बनाना शुरू कर दिया। इसके बाद उसने अपनी तीन बेटियों और दो युवकों के साथ मिलकर दोनों सिपाहियों से हाथापाई की।
इस दौरान पुलिसकर्मियों की वर्दी भी फाड़ दी गई। चलती ट्रेन में काफी देर तक हंगामा होता रहा। घटना की सूचना मुरादाबाद कंट्रोल को दी गई, जिसके बाद नजीबाबाद जीआरपी और आरपीएफ को अलर्ट किया गया।
चार घंटे की देरी से पहुंची ट्रेन, दो युवक पकड़े गए
बताया गया कि ट्रेन करीब चार घंटे की देरी से नजीबाबाद पहुंची। वहां जीआरपी और आरपीएफ की टीम ने कार्रवाई करते हुए मारपीट के आरोपी दोनों युवकों को पकड़ लिया। महिला और उसकी बेटियों ने भी पुलिसकर्मियों पर मारपीट करने का आरोप लगाया, लेकिन उनकी ओर से इस मामले में कोई लिखित शिकायत नहीं दी गई।
घटना की जानकारी मिलने पर आरपीएफ कमांडेंट ऋषि कुमार शुक्ला और मुरादाबाद जीआरपी इंस्पेक्टर कमल किशोर भी देर रात नजीबाबाद पहुंचे। उन्होंने आरपीएफ प्रभारी विपिन कुमार की मौजूदगी में दोनों सिपाहियों और बिहार से आए परिवार के सदस्यों से पूछताछ की।
बिहार की रूबी देवी और परिवार के पांच सदस्यों पर FIR
जीआरपी सिपाही ललित सागर और अजय कुमार की शिकायत पर बिहार के बेतिया निवासी रूबी देवी, उसकी बेटियां लक्ष्मी, सुनीता और खुशी के अलावा समस्तीपुर निवासी पिक्कू कुमार तथा दरभंगा के बहड़ी निवासी चंदन ठाकुर के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है।
आरोपियों पर मारपीट और पुलिसकर्मियों की वर्दी फाड़ने समेत विभिन्न धाराओं में प्राथमिकी दर्ज हुई है। दोनों युवकों को पुलिस अपने साथ मुरादाबाद ले गई, जबकि महिला और उसकी बेटियां दूसरी ट्रेन से रवाना हो गईं।
मुरादाबाद में होगी मामले की जांच
नजीबाबाद जीआरपी प्रभारी विपिन कुमार के मुताबिक, घटना मुरादाबाद क्षेत्र की है। नजीबाबाद जीआरपी में FIR दर्ज करने के बाद विवेचना और आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए मामला मुरादाबाद भेज दिया गया है।
वहीं, सीओ जीआरपी सहारनपुर देवेंद्र सिंह ने बताया कि सीट को लेकर हुए विवाद में ड्यूटी पर तैनात जीआरपी कर्मियों के साथ मारपीट का मामला दर्ज किया गया है। घटनास्थल मुरादाबाद क्षेत्र में होने के कारण आगे की जांच और कानूनी कार्रवाई वहीं से की जाएगी।