नितिन नवीन के भाषण से छेड़छाड़ कर बनाया गया फर्जी वीडियो, वायरल होने पर दिल्ली पुलिस ने दर्ज की FIR; मेटा और X को भेजा नोटिस
भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के भाषण का कथित तौर पर AI और डीपफेक तकनीक की मदद से बनाया गया फर्जी वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद दिल्ली पुलिस ने मामले में FIR दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस की स्पेशल सेल की साइबर यूनिट IFSO इस पूरे मामले की जांच कर रही है। वहीं, फर्जी वीडियो को सोशल मीडिया से हटाने के लिए मेटा और X को भी नोटिस भेजे गए हैं।
जानकारी के मुताबिक, नितिन नवीन ने 22 नवंबर को चंडीगढ़ में एक सार्वजनिक सभा को संबोधित किया था। भाजपा का आरोप है कि उनके वास्तविक भाषण की वीडियो रिकॉर्डिंग के साथ डिजिटल छेड़छाड़ करके भ्रामक वीडियो तैयार किया गया और उसे सोशल मीडिया पर प्रसारित किया गया।
37 सेकंड के वीडियो में दिखाए गए कथित भारत विरोधी बयान
सोशल मीडिया पर वायरल हुए करीब 37 सेकंड के वीडियो में नितिन नवीन को भारत-चीन संबंधों, पाकिस्तान, शंघाई सहयोग संगठन (SCO) सम्मेलन और स्वदेशी तेजस MK-1 लड़ाकू विमान को लेकर कथित बयान देते हुए दिखाया गया।
वीडियो में ऐसा प्रतीत होता है कि चीन भारत पर SCO सम्मेलन में पाकिस्तान को आमंत्रित करने का दबाव बना रहा है। इसके बदले चीन के कब्जे वाले भारतीय क्षेत्र को वापस करने की बात कही जा रही है। इसके अलावा तेजस विमान के इंजन को लेकर भी कथित टिप्पणी दिखाई गई है।
भाजपा का कहना है कि नितिन नवीन ने अपने वास्तविक भाषण में ऐसी कोई बात नहीं कही थी। पार्टी के मुताबिक, असली वीडियो में वह मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) और अन्य मुद्दों पर बात कर रहे थे। आरोप है कि AI और डीपफेक तकनीक के जरिए भाषण को बदलकर फर्जी बयान जोड़ दिए गए।
हर्ष मल्होत्रा के नेतृत्व में भाजपा प्रतिनिधिमंडल ने की शिकायत
इस मामले में दिल्ली भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हर्ष मल्होत्रा के नेतृत्व में पार्टी के एक प्रतिनिधिमंडल ने सोमवार को दिल्ली पुलिस के सेंट्रल डिस्ट्रिक्ट के डीसीपी से मुलाकात कर लिखित शिकायत दी थी।
प्रतिनिधिमंडल में सांसद प्रवीन खंडेलवाल, प्रदेश महामंत्री विष्णु मित्तल, प्रदेश उपाध्यक्ष राजेश भाटिया, प्रदेश मीडिया प्रमुख प्रवीण शंकर कपूर और प्रदेश लीगल प्रमुख अधिवक्ता संकेत गुप्ता भी शामिल थे।
भाजपा नेताओं ने पुलिस से फर्जी वीडियो तैयार करने और उसे सोशल मीडिया पर फैलाने वाले लोगों की पहचान करने की मांग की थी। साथ ही संबंधित सोशल मीडिया अकाउंट्स के IP लॉग, लॉग-इन विवरण और अन्य डिजिटल सबूत सुरक्षित रखने तथा असली और एडिट किए गए वीडियो की साइबर फॉरेंसिक जांच कराने का अनुरोध किया था।
IFSO यूनिट कर रही जांच, मेटा और X को नोटिस
शिकायत मिलने के बाद दिल्ली पुलिस ने मामले को स्पेशल सेल की इंटेलिजेंस फ्यूजन एंड स्ट्रैटेजिक ऑपरेशंस (IFSO) यूनिट को सौंप दिया है। यह यूनिट डीपफेक और साइबर अपराध से जुड़े मामलों की जांच करती है।
पुलिस के मुताबिक, वीडियो प्रसारित करने वाले सोशल मीडिया हैंडल की पहचान की जा रही है। साथ ही मेटा और X को नोटिस भेजकर वायरल फर्जी वीडियो हटाने के लिए कहा गया है।
अब पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि वीडियो किसने तैयार किया, उसमें किस तरह की डिजिटल छेड़छाड़ की गई और इसे किन सोशल मीडिया अकाउंट्स के जरिए फैलाया गया।
AI और डीपफेक के दुरुपयोग पर भाजपा ने जताई चिंता
भाजपा नेताओं का कहना है कि राजनीतिक विरोध और वैचारिक मतभेद लोकतंत्र का हिस्सा हैं, लेकिन किसी नेता के भाषण में छेड़छाड़ करके उसके नाम से फर्जी बयान प्रसारित करना गलत है। पार्टी ने आरोप लगाया कि इस तरह की सामग्री से जनता के बीच भ्रम फैल सकता है और राष्ट्रीय सुरक्षा तथा विदेश नीति जैसे संवेदनशील मुद्दों पर गलत जानकारी प्रसारित हो सकती है।फिलहाल दिल्ली पुलिस की साइबर यूनिट मामले की जांच कर रही है। जांच के बाद ही स्पष्ट हो पाएगा कि इस वीडियो को किसने बनाया और इसके प्रसार के पीछे किन लोगों या अकाउंट्स की भूमिका रही।