☰
×

राजधानी में फिर धराशायी हुई जर्जर इमारत: विवेक विहार हादसे पर सीएम रेखा गुप्ता ने जताया दुख, घायलों के बेहतर इलाज के आदेश

 

राजधानी दिल्ली में मंगलवार सुबह एक दर्दनाक हादसा हो गया। पूर्वी दिल्ली के शाहदरा इलाके के ज्वाला नगर में एक पुरानी दो मंजिला इमारत अचानक ढह गई। इस हादसे में तीन साल के मासूम बच्चे समेत दो लोगों की मौत हो गई, जबकि चार अन्य लोग घायल हो गए। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही पुलिस और बचाव दल मौके पर पहुंचे और मलबे में दबे लोगों को बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया गया।

दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने हादसे में हुई मौतों पर दुख जताया है। उन्होंने अधिकारियों को घायलों का बेहतर से बेहतर इलाज कराने और प्रभावित परिवारों को हरसंभव मदद उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं।

मुख्यमंत्री कार्यालय ने जारी किया बयान

मुख्यमंत्री कार्यालय (CMO) ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर हादसे पर शोक व्यक्त किया। बयान में कहा गया कि शाहदरा के ज्वाला नगर में इमारत ढहने से हुई जनहानि बेहद दुखद है। मुख्यमंत्री ने मृतकों के परिजनों के प्रति गहरी संवेदना जताई और घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना की।

सीएमओ के मुताबिक, मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता पूरे मामले पर लगातार नजर बनाए हुए हैं। उन्होंने संबंधित विभागों को प्रभावित परिवारों की सहायता करने और घायलों को उचित चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए हैं।

सुबह 10:10 बजे मिली थी इमारत गिरने की सूचना

शाहदरा के डीसीपी आरपी मीना के अनुसार, विवेक विहार थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले कस्तूरबा नगर में मंगलवार सुबह करीब 10:10 बजे इमारत गिरने की सूचना मिली थी। इसके बाद पुलिस की टीम तुरंत मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया गया।

डीसीपी ने बताया कि यह करीब 40 गज में बना पुराना दो मंजिला मकान था, जिसमें किराएदार रहते थे। यहां रहने वाले लोग दैनिक मजदूरी का काम करते थे। हादसे के बाद मलबे में दबे सभी छह लोगों को बाहर निकालकर कैट एंबुलेंस की मदद से हेडगेवार अस्पताल पहुंचाया गया। इलाज के दौरान दो लोगों की मौत हो गई।

तीन साल के देवांश और 35 वर्षीय पिंटू की मौत

पुलिस के मुताबिक, हादसे में जान गंवाने वालों की पहचान पहली मंजिल पर मौजूद लड्डू उर्फ देवांश (3) और भूतल पर मौजूद पिंटू (35) के रूप में हुई है। वहीं, चार घायलों की पहचान खुशबू (27), विकेश (35), आकाश (25) और दिलीप उर्फ डिम्पा (22) के रूप में की गई है।

सभी घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है। फिलहाल हादसे के बाद राहत और बचाव से जुड़ी कार्रवाई की गई है।