दिल्ली के सीमापुरी में 4 मंजिला इमारत भरभराकर गिरी, वीडियो में जाने 8-10 लोगों के दबे होने की आशंका; 2 बच्चों समेत 5 सुरक्षित निकाले
दिल्ली के सीमापुरी इलाके में बुधवार दोपहर बड़ा हादसा हो गया। मछली मंडी के पास ईदगाह मस्जिद के नजदीक एक चार मंजिला इमारत अचानक भरभराकर गिर गई। हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। न्यूज एजेंसी IANS के मुताबिक, इमारत के मलबे में बिल्डिंग मालिक के परिवार समेत करीब 8 से 10 लोगों के दबे होने की आशंका है।रेस्क्यू टीमों ने अब तक 2 बच्चों समेत 5 लोगों को मलबे से सुरक्षित बाहर निकाल लिया है। बचाव अभियान अभी जारी है और मलबे में फंसे अन्य लोगों की तलाश की जा रही है। घायलों को इलाज के लिए राजीव गांधी सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल ले जाया गया है।
दोपहर करीब 3 बजे हुआ हादसा
स्थानीय लोगों के मुताबिक, इमारत गिरने की घटना बुधवार दोपहर करीब 3 बजे हुई। हादसे के वक्त बिल्डिंग की पहली मंजिल पर एक परिवार के चार से पांच लोग मौजूद थे। अचानक इमारत का हिस्सा गिरने के बाद आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और राहत-बचाव में जुट गए।बताया जा रहा है कि बिल्डिंग गली के बिल्कुल अंदर की ओर स्थित थी, जिससे रेस्क्यू टीमों को मलबे तक पहुंचने में परेशानी का सामना करना पड़ा।
ग्राउंड फ्लोर पर दुकानें, ऊपर रहते थे परिवार
जानकारी के अनुसार, इमारत के ग्राउंड फ्लोर पर दुकानें थीं, जबकि उसके ऊपर चार मंजिलें बनी हुई थीं। इन मंजिलों में अलग-अलग परिवार रहते थे। बिल्डिंग मालिक भी अपने परिवार के साथ इसी इमारत में रहता था। उसके और परिवार के सदस्यों के भी मलबे में दबे होने की आशंका जताई जा रही है।हादसे के बाद दिल्ली पुलिस और दमकल विभाग की टीमें मौके पर पहुंचीं और रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया।
सवा 3 बजे फायर कंट्रोल को मिली सूचना
दिल्ली फायर कंट्रोल को दोपहर करीब सवा 3 बजे इमारत गिरने की सूचना मिली। सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीम और दिल्ली पुलिस मौके पर पहुंची। इसके बाद मलबा हटाने और उसमें फंसे लोगों को बाहर निकालने का काम शुरू किया गया।स्थानीय पार्षद पंकज लूथरा ने बताया कि उन्हें इमारत गिरने की सूचना मिली थी। उन्होंने कहा कि मलबे से चार-पांच लोगों को पहले ही सुरक्षित बाहर निकाला जा चुका है। फिलहाल रेस्क्यू ऑपरेशन जारी है और टीमों का पूरा ध्यान मलबे में फंसे लोगों को जल्द से जल्द बाहर निकालने पर है।