×

अहमदाबाद में कॉलेज जा रही 19 साल की छात्रा को क्रेन ने कुचला, वीडियो में जाने 50 फीट तक घसीटा; ड्राइवर गिरफ्तार

 

गुजरात के अहमदाबाद में मंगलवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में 19 साल की कॉलेज छात्रा की मौत हो गई। कॉलेज जा रही छात्रा को पीछे से आ रही एक क्रेन ने टक्कर मार दी। टक्कर के बाद क्रेन छात्रा को करीब 50 फीट तक घसीटते हुए ले गई और उसके ऊपर से निकल गई। हादसे में छात्रा की मौके पर ही मौत हो गई। घटना का वीडियो बुधवार को सामने आया है। मृतका की पहचान प्रेरणा नीनामा के रूप में हुई है। वह अहमदाबाद के गोटा स्थित सिल्वर ओक यूनिवर्सिटी में बीएससी फर्स्ट ईयर की छात्रा थी। हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। घटना की सूचना पुलिस को दी गई।

कॉलेज से महज 200 मीटर दूर हुआ हादसा

<a style="border: 0px; overflow: hidden" href=https://youtube.com/embed/zDO1XbGc1yU?autoplay=1&mute=1><img src=https://img.youtube.com/vi/zDO1XbGc1yU/hqdefault.jpg alt=""><span><div class="youtube_play"></div></span></a>" style="border: 0px; overflow: hidden;" width="640">

जानकारी के मुताबिक, प्रेरणा मंगलवार सुबह करीब साढ़े 11 बजे घर से कॉलेज के लिए निकली थी। वह कॉलेज से करीब 200 मीटर की दूरी पर पहुंची थी, तभी पीछे से आ रही क्रेन ने उसे टक्कर मार दी।टक्कर इतनी जोरदार थी कि छात्रा क्रेन की चपेट में आ गई। इसके बाद क्रेन उसे करीब 50 फीट तक घसीटती हुई ले गई और फिर उसके ऊपर से निकल गई। गंभीर रूप से घायल छात्रा की मौके पर ही मौत हो गई।

स्थानीय लोगों ने आरोपी ड्राइवर को खोजा

हादसे के बाद क्रेन चालक मौके से फरार हो गया। स्थानीय लोगों ने छात्रा की मदद करने की कोशिश की और पुलिस को घटना की जानकारी दी। इसके बाद कुछ लोगों ने खुद आरोपी ड्राइवर की तलाश शुरू कर दी।स्थानीय लोगों को आरोपी पास के सोला इलाके में मिला। उन्होंने पुलिस को इसकी सूचना दी, जिसके बाद पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।

आरोपी की पहचान अरुण निषाद के रूप में

पुलिस के मुताबिक, आरोपी ड्राइवर की पहचान अरुण निषाद के रूप में हुई है। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया है और हादसे को लेकर आगे की जांच की जा रही है। पुलिस यह भी पता लगाने की कोशिश कर रही है कि हादसा किन परिस्थितियों में हुआ और क्रेन किस गति से चल रही थी।हादसे का वीडियो सामने आने के बाद घटना की भयावहता साफ दिखाई दे रही है। 19 साल की छात्रा की मौत से परिवार और कॉलेज में शोक का माहौल है।