अनंत सिंह की बेटी की शादी में बनेगा 100 फीट चौड़ा शाही स्टेज, 10 बीघा में होगा भव्य आयोजन; यूपी-बंगाल से बुलाए गए कारीगर
बिहार के मोकामा से विधायक अनंत सिंह की बेटी शिवांगी सिंह की शादी इन दिनों चर्चा में है। 25 नवंबर को होने वाली इस शादी को यादगार बनाने के लिए बड़े स्तर पर तैयारियां की जा रही हैं। समारोह के लिए करीब 10 बीघा के मैदान में भव्य मंडप, जयमाला स्टेज और विशाल पंडाल तैयार किया जा रहा है। इस काम में सैकड़ों कारीगर दिन-रात जुटे हुए हैं।
शादी की सजावट और व्यवस्थाओं के लिए उत्तर प्रदेश और पश्चिम बंगाल से विशेष कारीगर बुलाए गए हैं। लाइटिंग से लेकर टेंट और फूलों की सजावट तक का सामान बाहर से मंगवाया गया है। आयोजकों को उम्मीद है कि इस समारोह में बड़ी संख्या में मेहमान शामिल होंगे।
जयपुर के पत्रकार चौक की थीम पर बनेगा जयमाला स्टेज
शिवांगी सिंह की शादी के लिए तैयार किया जा रहा जयमाला स्टेज खास आकर्षण का केंद्र होगा। इसे जयपुर के पत्रकार चौक की थीम पर बनाया जा रहा है। स्टेज की लंबाई करीब 35 फीट, चौड़ाई 100 फीट और ऊंचाई लगभग 30 फीट रखी गई है।
इवेंट का काम संभाल रहे जायसवाल इवेंट्स के प्रदीप जायसवाल के मुताबिक, जयमाला के लिए एक भव्य मंडप तैयार किया जा रहा है। इसके बीच में रेस्टोरेंट की व्यवस्था भी होगी, ताकि मेहमानों को खाने-पीने में परेशानी न हो।
उन्होंने स्पष्ट किया कि सजावट जयपुर के पत्रकार चौक की थीम पर आधारित है। इसमें लाल किले या ताजमहल जैसी कोई दूसरी ऐतिहासिक इमारत की प्रतिकृति नहीं बनाई जा रही है।
यूपी के मऊ से आए कारीगर संभाल रहे टेंट की जिम्मेदारी
शादी की तैयारियों के लिए उत्तर प्रदेश के मऊ से टेंट लगाने वाले कारीगर बुलाए गए हैं। वहीं, रोशनी और लाइटिंग से जुड़ा सामान पश्चिम बंगाल से मंगवाया गया है। फूलों की सजावट, कारपेट, टेंट और स्टेज तैयार करने के लिए अलग-अलग टीमें काम कर रही हैं।
प्रदीप जायसवाल ने बताया कि वह इससे पहले बिहार के पूर्व राज्यपाल फागू चौहान की पोती की शादी सहित कई बड़े कार्यक्रमों में स्टेज और टेंट का काम कर चुके हैं। हालांकि, उनके मुताबिक यह अब तक के सबसे बड़े आयोजनों में से एक है।
उन्होंने बताया कि विधायक अनंत सिंह से उन्हें काफी स्नेह मिल रहा है और गांव के लोग भी तैयारियों में सहयोग कर रहे हैं।
400 से 500 कारीगर दिन-रात कर रहे काम
शादी की सजावट को समय पर पूरा करने के लिए करीब 400 से 500 कारीगर जुटे हुए हैं। सभी टीमें अपने-अपने काम में लगी हैं। आयोजकों के मुताबिक, 20 से 21 नवंबर तक जयमाला स्टेज और मंडप का भव्य स्वरूप नजर आने लगेगा।
करीब 10 बीघा में फैले आयोजन स्थल पर मेहमानों के बैठने, खाने-पीने और शादी की रस्मों के लिए अलग-अलग व्यवस्थाएं की जा रही हैं।
चार जगहों पर होगी खाने-पीने की व्यवस्था
इतने बड़े समारोह में मेहमानों की संख्या को देखते हुए भोजन के लिए चार अलग-अलग जगहों पर इंतजाम किया जा रहा है। पंडाल में बड़ी संख्या में बारातियों और अन्य मेहमानों के आने की संभावना है। इसी को ध्यान में रखते हुए खाने-पीने से लेकर बैठने तक की व्यवस्थाएं की जा रही हैं।
कौन हैं शिवांगी के होने वाले दूल्हे?
अनंत सिंह की बेटी शिवांगी सिंह की शादी बिहटा के कृष्णानगर निवासी रणविजय सिंह के बेटे ऋषिकेश कुमार से हो रही है। शादी की तारीख 25 नवंबर तय की गई है।
इस खास मौके पर घुड़दौड़ का आयोजन भी किया जाएगा। इसमें देश के नामी घोड़ों के शामिल होने की बात कही गई है। प्रतियोगिता में जीतने वाले घोड़े को इनाम भी दिया जाएगा। इस तरह शादी के समारोह में पारंपरिक रस्मों के साथ घुड़दौड़ भी खास आकर्षण रहने वाली है।