यूपी में मुस्लिम सीएम की मांग: साजिद रशीदी बोले- 80 साल से वोट दिया, अब हिस्सेदारी चाहिए
नई दिल्ली, 17 नवंबर (आईएएनएस)। एआईआईए के अध्यक्ष मौलाना मोहम्मद साजिद रशीदी ने उत्तर प्रदेश में मुस्लिम मुख्यमंत्री बनाए जाने की मांग, मथुरा को लेकर उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य की टिप्पणियों, बिलकिस बानो मामले में सुप्रीम कोर्ट के फैसले और आजम खान को मिली राहत पर प्रतिक्रिया दी। उन्होंने सपा और भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि आजम खान के मामले में राजनीतिक प्रतिद्वंद्विता और मुस्लिम पहचान की वजह से उनके साथ भेदभाव हुआ है। साथ ही, उन्होंने मुस्लिम समुदाय के राजनीतिक प्रतिनिधित्व और शैक्षणिक संस्थान स्थापित करने के अधिकार का मुद्दा भी उठाया।
उत्तर प्रदेश में मुस्लिम मुख्यमंत्री की मांग पर मौलाना साजिद रशीदी ने कहा कि मुस्लिम समुदाय पिछले 80 वर्षों से कांग्रेस, समाजवादी पार्टी और अन्य दलों को इस उम्मीद में वोट देता आया है कि उसकी सामाजिक और आर्थिक स्थिति में सुधार होगा। उन्हें उम्मीद थी कि सरकारों में प्रतिनिधित्व मिलेगा, रोजगार के अवसर बढ़ेंगे, शिक्षा और बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध होंगी। लेकिन, इतने साल के बाद भी यदि सरकारी रिपोर्टों के मुताबिक मुसलमानों की स्थिति दलितों से भी बदतर है, तो समुदाय को अपने लिए प्रयास करने का अधिकार है। रशीदी ने कहा कि अब मुस्लिम समाज उत्तर प्रदेश में अपना मुख्यमंत्री चाहता है। उन्होंने समाजवादी पार्टी के नारे 'जिसकी जितनी भागीदारी, उसकी उतनी हिस्सेदारी' का हवाला देते हुए कहा कि मुसलमानों की भागीदारी अधिक है। समाजवादी पार्टी को चार बार मुख्यमंत्री बनाने का अवसर दिया गया, इसलिए अब एक बार मुस्लिम समुदाय को भी मुख्यमंत्री बनाने का मौका मिलना चाहिए।
मथुरा को लेकर केशव प्रसाद मौर्य की टिप्पणी पर रशीदी ने बाबरी मस्जिद का मुद्दा उठाया। उन्होंने कहा कि बाबरी मस्जिद को बलपूर्वक तोड़ा गया था और मुस्लिम समुदाय की नजर में वह हमेशा बाबरी मस्जिद ही रहेगी। उन्होंने कहा कि यह समुदाय के लिए ऐसा जख्म है जिसे भुलाना संभव नहीं है। उन्होंने मंदिर निर्माण पर अपनी बात रखते हुए कहा कि वेदों और हिंदू धार्मिक पुस्तकों के अध्ययन के आधार पर उनका मानना है कि किसी से नाजायज तरीके से ली गई जमीन पर मंदिर भी नहीं बनाया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि मंदिर बन चुका है, लेकिन मुस्लिम समुदाय इस घटना को भूला नहीं है।
मथुरा के लिए कारसेवा में शामिल होने संबंधी मौर्य के बयान पर रशीदी ने कहा कि कारसेवा एक गलती थी, जिसका खामियाजा हिंदू और मुसलमान दोनों समुदायों को भुगतना पड़ा। कारसेवा के बाद हुई गोलीबारी और उसके बाद की घटनाओं में बड़ी संख्या में लोग प्रभावित हुए। आम आदमी इन घटनाओं को समझ चुका है और अब इस तरह की किसी कारसेवा या फसाद की संभावना नहीं है। उन्होंने मौर्य के बयान को राजनीतिक ऐलान बताया।
बिलकिस बानो मामले में सुप्रीम कोर्ट के फैसले पर रशीदी ने निराशा जताई। उन्होंने कहा कि यह देश का दुर्भाग्य है कि अदालत भी इन मामलों को ठीक से नहीं समझ रही है। उनका आरोप था कि मस्जिदों और मुसलमानों से जुड़े मामलों में कहीं न कहीं प्रभावित होकर फैसले दिए जाते हैं। उन्होंने फैसले की निंदा करते हुए सुप्रीम कोर्ट से अपने निर्णय पर पुनर्विचार करने की मांग की।
सुप्रीम कोर्ट से आजम खान को मिली राहत पर टिप्पणी करते हुए रशीदी ने तंज कसा कि अभी तो उनसे यह भी पूछा जा सकता है कि उनके पिता ने उनका नाम आजम खान क्यों रखा। उन्होंने कहा कि आजम खान पर अंडा चोरी, बकरी चोरी, फर्जी राशन कार्ड, आधार कार्ड और पैन कार्ड सहित कई मुकदमे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि यह सब मुस्लिम होने की वजह से हो रहा है और इसमें भाजपा तथा समाजवादी पार्टी दोनों की भूमिका है। रशीदी ने दावा किया कि यदि आजम खान की जगह कोई यादव नेता होता, तो शायद उसे जेल नहीं जाना पड़ता। उन्होंने अखिलेश यादव पर भी आरोप लगाया कि वह अपने सामने आजम खान जैसे बड़े समाजवादी नेता को नहीं देखना चाहते थे। आजम खान, शिवपाल यादव और रामगोपाल यादव जैसे नेताओं को राजनीतिक रूप से कमजोर किया गया। उन्होंने शिवपाल यादव के उस बयान का भी उल्लेख किया, जिसमें उन्होंने समाजवादी पार्टी को गुंडों की पार्टी रह जाने की बात कही थी।
हाल में आजम खान के इस बयान पर कि वह मुसलमान हैं और एक मुसलमान द्वारा शिक्षा का मंदिर बनाए जाने की सजा भुगत रहे हैं, रशीदी ने कहा कि उनकी बात में सच्चाई है। उन्होंने कहा कि जिन लोगों ने विश्वविद्यालय बनाए हैं, वे जेल में हैं या देश से बाहर हैं। रशीदी ने कहा कि इस समय मुसलमानों द्वारा विश्वविद्यालय, कॉलेज और अन्य शैक्षणिक संस्थान खोलना मानो अपराध बना दिया गया है। उन्होंने सरकार से इस नीति को बदलने की मांग करते हुए कहा कि मुसलमान भी इस देश का नागरिक है और उसे संस्थान स्थापित करने का अधिकार मिलना चाहिए। रशीदी ने मुस्लिम आबादी का उल्लेख करते हुए कहा कि समुदाय की संख्या 25 से 30 करोड़ है और सही आंकड़ा इससे अधिक भी हो सकता है। उन्होंने कहा कि मुसलमानों को देश से निकालना या खत्म करना आसान नहीं है। यदि किसी को इस बारे में गलतफहमी है, तो वह सामने आकर देख सकता है।
--आईएएनएस
पीएसके