जाकिर खान ने टूर से ब्रेक लेने पर तोड़ी चुप्पी, कहा-75 साल तक काम करना है
मुंबई, 2 अक्टूबर (आईएएनएस)। मशहूर कमेडियन जाकिर खान और क्रिकेटर इरफान पठान हाल ही में अभिनेत्री नेहा धूपिया और उनके पति-अभिनेता अंगद बेदी के शो 'डबल डेट' में गए थे। इस दौरान जाकिर खान ने टूर से ब्रेक लेने और अपनी सेहत को लेकर बात की।
जाकिर खान ने कहा, "मुझे मेरा काम बहुत प्यारा है और मैं चाहता हूं कि जब मैं 75 साल का हो जाऊं, तो जावेद साहब की तरह मैं भी टॉक्स करूं, शो करूं। हालांकि, 10 साल लगातार काम करके मैंने अपनी जो सेहत खराब की है, उसे मुझे पहले ठीक करना होगा। बस इसलिए मैंने 2 साल का ब्रेक लिया है।"
आगे बातचीत में जाकिर ने अपने मेंटल हेल्थ पर भी बात की। उन्होंने कहा, "मेरी मेंटल हेल्थ अपनी पीक पर है, इसी वजह से मेरी फिजिकल हेल्थ ठीक नहीं है।" जाकिर ने बातचीत में यह भी बताया कि उन्होंने दूसरे शहरों में शो करने से परहेज किया है। उन्होंने कहा, "मेरा ब्रेक सिर्फ दूसरे शहरों में टूर करने से है, मैं शहर के अंदर ट्रैवल करता रहूंगा।"
शो में आगे बातचीत में इरफान पठान और जाकिर खान ने रिश्ते, निजी भावनाओं और जिंदगी के कई ऐसे पहलुओं पर बात की, जिन पर आमतौर पर खुलकर चर्चा नहीं होती।
यूट्यूब पर 50 लाख से ज्यादा सब्सक्राइबर्स के साथ जाकिर भारत के सबसे बड़े स्टैंड-अप कॉमेडियनों में से एक हैं। करियर की शुरुआत में जाकिर ने दिल्ली में थिएटर और रेडियो प्रोग्रामिंग में काम किया। साल 2012 में कॉमेडी सेंट्रल की इंडियाज बेस्ट स्टैंड अप प्रतियोगिता जीतकर उन्हें राष्ट्रीय स्तर पर बड़ी पहचान मिली।
अमेजन प्राइम वीडियो पर उनके कई प्रसिद्ध स्टैंड-अप स्पेशल रिलीज हुए, जिनमें 'हक से सिंगल' (2017), 'कक्षा ग्यारहवीं' (2018), 'तथास्तु' (2022), 'मनपसंद' (2023) और 'देलुलु एक्सप्रेस' (2025) शामिल हैं। उन्होंने लोकप्रिय वेब सीरीज [चाचा विधायक हैं हमारे] में मुख्य भूमिका निभाई और लेखन का काम भी किया।
इसी के साथ ही, जाकिर खान ने लंदन के प्रतिष्ठित रॉयल अल्बर्ट हॉल और न्यूयॉर्क के मैडिसन स्क्वायर गार्डन में हिंदी में परफॉर्म करके ऐतिहासिक सफलता हासिल की।
--आईएएनएस
एनएस/पीएम