65 की उम्र में सरकारी नौकरी का मौका: एमिनेंट एक्सटर्नल प्रोफेशनल पदों पर आवेदन शुरू, 29 मई लास्ट डेट
नई दिल्ली, 16 मई (आईएएनएस)। भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) ने परिवहन नियोजन और परिवहन अर्थशास्त्र के क्षेत्रों में अनुबंध के आधार पर अपने मुख्यालय में प्रतिष्ठित बाह्य पेशेवर (एमिनेंट एक्सटर्नल प्रोफेशनल -ईईपी) की श्रेणी में पेशेवरों की अलग-अलग 2 पदों पर नियुक्ति के लिए एक ऑफिशियल नोटिफिकेशन जारी करके पात्र उम्मीदवारों से आवेदन आमंत्रित किए हैं।
एनएचएआई की ओर से जारी पदों में एमिनेंट एक्सटर्नल प्रोफेशनल (परिवहन योजनाकार) और एमिनेंट एक्सटर्नल प्रोफेशनल (परिवहन अर्थशास्त्री) के 1-1 पद शामिल हैं। इन पोस्ट के लिए ऑनलाइन माध्यम से आवेदन प्रक्रिया शुरू हो गई है और अप्लाई करने की अंतिम तिथि 29 मई तय की गई है। ऐसे में जो उम्मीदवार एप्लीकेशन फॉर्म भरना चाहते हैं, वे एनएचएआई की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर तय लास्ट डेट के शाम 6 बजे तक या उससे पहले अपना रजिस्ट्रेशन फॉर्म जमा कर सकते हैं।
एप्लीकेशन फॉर्म भरने वाले अभ्यर्थियों के पास किसी मान्यता प्राप्त संस्थान या विश्वविद्यालय से संबंधित पद अनुसार सिविल इंजीनियरिंग में ग्रेजुएशन की डिग्री, परिवहन योजना में मास्टर डिग्री या पोस्ट-ग्रेजुएशन डिप्लोमा, अर्थशास्त्र में मास्टर डिग्री, और प्रासंगिक क्षेत्र में न्यूनतम 5 वर्ष का अनुभव और अन्य निर्धारित पात्रता का होना अनिवार्य है।
उम्मीदवारों की अधिकतम आयु 65 वर्ष तय की गई है, जिसकी गणना आवेदन के अंतिम तिथि के आधार पर की जाएगी। वहीं, योग्य अभ्यर्थियों का चयन शैक्षणिक योग्यता, अनुभव, आदि के आधार पर किया जाएगा।
ऑनलाइन आवेदन करने के लिए, उम्मीदवार सबसे पहले एनएचएआई की आधिकारिक वेबसाइट पर जाएं। होमपेज पर जाने के बाद, संबंधित पद के लिए दिए गए सक्रिय आवेदन लिंक पर क्लिक करें। इसके बाद, रजिस्ट्रेशन कर लॉगिन करें। फिर, फॉर्म में मांगी गई सभी जानकारियों को दर्ज करें। मांगे गए सभी डॉक्यूमेंट्स को सही साइज में अपलोड करें। इसके बाद, रजिस्ट्रेशन फॉर्म चेक कर सबमिट कर दें। लास्ट में, आवेदन पत्र की एक कॉपी का प्रिंट आउट भविष्य के संदर्भ के लिए सुरक्षित निकाल कर रख लें।
--आईएएनएस
डीके/एएस