6 जून तक एनसीआर में गर्मी से राहत, 1 और 2 जून को बारिश-आंधी का येलो अलर्ट जारी
नई दिल्ली, 1 जून (आईएएनएस)। राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र (एनसीआर) के लोगों को फिलहाल भीषण गर्मी से राहत मिलने के आसार हैं। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) की ताजा मौसम भविष्यवाणी के अनुसार 1 और 2 जून को क्षेत्र में गरज-चमक के साथ हल्की बारिश और तेज हवाएं चलने की संभावना है।
मौसम विभाग ने इन दोनों दिनों के लिए येलो अलर्ट जारी किया है। इसके चलते अधिकतम तापमान में बढ़ोतरी पर रोक रहेगी और पूरे सप्ताह पारा 40 डिग्री सेल्सियस के पार जाने की संभावना नहीं है। आईएमडी के पूर्वानुमान के मुताबिक 1 जून को अधिकतम तापमान 36 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।
दोपहर और शाम के समय बहुत हल्की से हल्की बारिश, गरज-चमक तथा 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना जताई गई है। 2 जून को भी मौसम लगभग इसी तरह बना रहेगा। अधिकतम तापमान 37 डिग्री और न्यूनतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। इस दिन भी दोपहर और शाम के समय हल्की बारिश, बिजली चमकने और 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की चेतावनी जारी की गई है।
मौसम विभाग के अनुसार 3 जून को अधिकतम तापमान 38 डिग्री और न्यूनतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। इस दिन भी गरज-चमक के साथ बारिश की संभावना बनी रहेगी, हालांकि किसी प्रकार की चेतावनी जारी नहीं की गई है। 4 जून को भी मौसम का मिजाज लगभग ऐसा ही रहने की उम्मीद है। अधिकतम तापमान 38 डिग्री और न्यूनतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। इस दिन भी गरज-चमक के साथ बारिश की संभावना जताई गई है, लेकिन कोई विशेष चेतावनी नहीं है।
इसके बाद 5 जून और 6 जून को मौसम अपेक्षाकृत साफ रहने की संभावना है। दोनों दिनों में अधिकतम तापमान 38 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है, जबकि न्यूनतम तापमान क्रमशः 27 और 28 डिग्री सेल्सियस रह सकता है। इन दिनों आसमान आंशिक रूप से बादलों से ढका रहेगा और किसी प्रकार की मौसम चेतावनी जारी नहीं की गई है।
मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि पश्चिमी विक्षोभ और स्थानीय मौसम प्रणालियों के प्रभाव से एनसीआर में अगले कुछ दिनों तक गर्मी का प्रकोप कम रहेगा। लगातार बादल छाने, हल्की बारिश और तेज हवाओं के कारण लोगों को लू और उमस से राहत मिलेगी। फिलहाल 6 जून तक मौसम अपेक्षाकृत सुहावना बने रहने की संभावना है, जिससे राजधानी और आसपास के शहरों के निवासियों को भीषण गर्मी से राहत मिलती रहेगी।
--आईएएनएस
पीकेटी/एएस