48वीं विश्व कौशल प्रतियोगिता के लिए चीन ने 71 प्रतियोगियों का दल बनाया
बीजिंग, 23 अगस्त (आईएएनएस)। चीनी मानव संसाधन और सामाजिक सुरक्षा मंत्रालय की मंजूरी के बाद, 48वीं विश्व कौशल प्रतियोगिता के लिए चीनी प्रतिनिधिमंडल का हाल ही में औपचारिक रूप से गठन किया गया।
23 अगस्त को मिली जानकारी के अनुसार, चीनी प्रतिनिधिमंडल में कुल 220 सदस्य हैं, जिनमें 71 प्रतियोगी शामिल हैं। ये प्रतियोगी सभी 64 स्पर्धाओं में हिस्सा लेंगे। प्रतियोगी चीन के 21 प्रांतों से आते हैं, जिनमें 49 छात्र और 22 कर्मचारी शामिल हैं। प्रतियोगियों की औसत आयु 21 वर्ष है। इनमें सबसे कम उम्र 18 वर्ष और सबसे अधिक उम्र 25 वर्ष है।
चीन के 2010 में विश्व कौशल संगठन में शामिल होने के बाद से अब तक वह 7 विश्व कौशल प्रतियोगिताओं में हिस्सा ले चुका है। इस दौरान चीन ने कुल 93 स्वर्ण पदक, 41 रजत पदक, 28 कांस्य पदक और 71 सांत्वना पुरस्कार हासिल किए हैं। इसके साथ ही, चीन लगातार 4 बार पदक तालिका और टीम अंक तालिका में पहले स्थान पर रहा है।
इस वर्ष 48वीं विश्व कौशल प्रतियोगिता 22 से 27 सितंबर तक चीन के शांगहाई में आयोजित की जाएगी। इसमें करीब 70 देशों और क्षेत्रों के लगभग 1400 प्रतियोगी हिस्सा लेंगे। यह प्रतियोगिता चीन की 8वीं भागीदारी होगी और तीसरी बार चीन सभी स्पर्धाओं में हिस्सा लेगा।
चीनी प्रतिनिधिमंडल के संबंधित अधिकारी ने कहा कि पूरा प्रतिनिधिमंडल प्रतियोगिता के नियमों का कड़ाई से पालन करेगा और निष्पक्ष तथा सभ्य तरीके से प्रतिस्पर्धा करेगा। साथ ही, प्रतिनिधिमंडल अपने कौशल और प्रदर्शन के स्तर को पूरी तरह से सामने रखेगा और नए युग के चीनी कुशल युवाओं की उत्कृष्ट क्षमता तथा अच्छी छवि को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत करेगा।
(साभार- चाइना मीडिया ग्रुप, पेइचिंग)
--आईएएनएस
डीकेपी/