☰
×

400 वर्गमीटर से अधिक कमर्शियल स्पेस लीज पर देगा एनसीआरटीसी

 

मेरठ, 30 सितंबर (आईएएनएस)। नमो भारत कॉरिडोर के स्टेशनों पर यात्री सुविधाओं को बढ़ाने के साथ-साथ व्यावसायिक गतिविधियों को विस्तार देने की दिशा में एनसीआरटीसी ने एक और पहल की है। एनसीआरटीसी ने मेरठ के भैंसाली स्टेशन पर कमर्शियल स्पेस को लीज पर देने के लिए लाइसेंसी के चयन के लिए निविदाएं आमंत्रित की हैं। स्टेशन के कॉनकोर्स लेवल पर 400 वर्गमीटर से अधिक प्राइम कमर्शियल स्पेस उपलब्ध कराया जा रहा है। हाई फुटफॉल वाले इस स्थान को विभिन्न प्रकार की व्यावसायिक और यात्री सुविधाओं के लिए इस्तेमाल किया जा सकेगा।

भैंसाली स्टेशन मेरठ के प्रमुख व्यावसायिक क्षेत्रों में स्थित है। स्टेशन के आसपास घनी आबादी वाले रिहायशी इलाके और बड़े बाजार हैं। अबू लेन, लालकुर्ती बाजार और सदर बाजार जैसे प्रमुख कारोबारी क्षेत्र स्टेशन के नजदीक हैं। ऐसे में एनसीआरटीसी को उम्मीद है कि यहां उपलब्ध कमर्शियल स्पेस रिटेल, फूड एंड बेवरेज, कोचिंग, ऑफिस और अन्य सेवाओं के लिए उपयोगी साबित हो सकता है।

एनसीआरटीसी के मुताबिक, स्टेशन परिसर में व्यावसायिक गतिविधियों के विस्तार का उद्देश्य केवल राजस्व बढ़ाना नहीं है, बल्कि यात्रियों को उनकी रोजमर्रा की जरूरतों से जुड़ी सुविधाएं एक ही स्थान पर उपलब्ध कराना भी है। यहां खाने-पीने के आउटलेट, कन्विनिएंस स्टोर, सर्विस सेंटर, कोचिंग सेंटर, ऑफिस और अन्य यात्री सुविधाएं संचालित की जा सकती हैं। स्टेशन के भीतर ऐसी सुविधाएं उपलब्ध होने से यात्रियों को जरूरी सेवाओं के लिए अलग से समय निकालकर दूसरी जगह जाने की जरूरत कम होगी। स्टेशन के आसपास रहने वाले लोगों और यहां आने वाले आगंतुकों को भी रोजमर्रा की जरूरतों से जुड़ी रिटेल और अन्य सेवाएं आसानी से मिल सकेंगी। एनसीआरटीसी का लक्ष्य स्टेशन परिसरों को केवल आवागमन के केंद्र के बजाय यात्री-अनुकूल और जीवंत स्थानों के रूप में विकसित करना है।

भैंसाली स्टेशन की लोकेशन भी इसे व्यावसायिक गतिविधियों के लिहाज से महत्वपूर्ण बनाती है। दिल्ली रोड पर स्थित यह भूमिगत स्टेशन मेरठ के प्रमुख इलाके बेगमपुल से करीब एक किलोमीटर की दूरी पर है। स्टेशन को दिल्ली-मेरठ हाईवे और मेरठ एक्सप्रेसवे से भी कनेक्टिविटी मिलती है। इसके अलावा भारतीय रेलवे का मेरठ सिटी स्टेशन भी नजदीक है। स्टेशन के ठीक बाहर बस स्टैंड मौजूद है, जहां से दिल्ली, मुजफ्फरनगर, शामली, रुड़की और हरिद्वार समेत कई शहरों के लिए बस सेवाएं संचालित होती हैं। इस तरह नमो भारत, भारतीय रेलवे, बस सेवाओं और सड़क परिवहन के बीच बेहतर कनेक्टिविटी के कारण भैंसाली स्टेशन को मल्टी-मॉडल ट्रांजिट प्वाइंट का लाभ मिलता है।

एनसीआरटीसी के अनुसार नमो भारत कॉरिडोर पर यात्रियों की संख्या लगातार बढ़ रही है। कॉरिडोर अब तक 4.5 करोड़ से अधिक कम्यूटर ट्रिप्स का आंकड़ा पार कर चुका है। वर्तमान में करीब 1.1 लाख यात्री प्रतिदिन नमो भारत से सफर कर रहे हैं। हाल ही में एक दिन में करीब 1.68 लाख से अधिक यात्रियों के सफर करने का रिकॉर्ड भी दर्ज किया गया। यात्रियों की बढ़ती संख्या से नमो भारत स्टेशनों पर कमर्शियल गतिविधियों की संभावनाएं भी बढ़ी हैं। स्टेशन परिसर में उपलब्ध स्थान का व्यावसायिक उपयोग करने से यात्रियों को सुविधाएं मिलने के साथ स्थानीय कारोबार और सेवा क्षेत्र को भी बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।

भैंसाली स्टेशन पर उपलब्ध कमर्शियल स्पेस को लीज पर लेने के इच्छुक बिडर्स ई-टेंडरिंग प्रक्रिया के माध्यम से निविदा में भाग ले सकते हैं। टेंडर से संबंधित पात्रता मानदंड, नियम एवं शर्तें और अन्य विस्तृत जानकारी एनसीआरटीसी की आधिकारिक वेबसाइट और सेंट्रल पब्लिक सेक्टर एंटरप्राइजेज के सीपीपी पोर्टल पर उपलब्ध है। एनसीआरटीसी का कहना है कि इस तरह की पहल के माध्यम से स्टेशन परिसरों में स्थानीय उद्यमियों, रिटेलर्स और सेवा प्रदाताओं की भागीदारी बढ़ाने का प्रयास किया जा रहा है। इससे यात्रियों को बेहतर सुविधाएं मिलने के साथ रोजगार के नए अवसर पैदा होने और गैर-किराया स्रोतों से आय बढ़ाने में भी मदद मिल सकती है।

--आईएएनएस

पीकेटी/डीकेपी