4 मई को ममता बनर्जी बंगाल छोड़कर भाग जाएंगी: अनिल विज
अंबाला, 26 अप्रैल (आईएएनएस)। हरियाणा सरकार में मंत्री अनिल विज ने पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के पहले चरण की वोटिंग का जिक्र करते हुए कहा कि जिस बड़ी संख्या में लोग वोट डालने आए, यह प्रधानमंत्री मोदी की लहर का असर है।
अंबाला में मीडिया से बातचीत के दौरान अनिल विज ने कहा कि 92-93 प्रतिशत मतदान होना, कोई छोटी बात नहीं है। 4 तारीख को नतीजे आने दीजिए। ममता बनर्जी बंगाल छोड़कर भाग जाएंगी।
राहुल गांधी के बयान पर अनिल विज ने कहा कि राहुल गांधी बिल्कुल सही थे, क्योंकि उनके धर्म और संस्कृति तथा हमारे धर्म और संस्कृति में बहुत अंतर है। हमारा धर्म और संस्कृति सांस्कृतिक राष्ट्रवाद पर आधारित है, जिससे उन्हें बहुत परेशानी होती है। वे हमेशा बाहरी दुनिया की बात करते हैं।
पीएम मोदी के मन की बात कार्यक्रम का जिक्र करते हुए अनिल विज ने कहा कि हर महीने के आखिरी रविवार को सुबह 11 बजे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी देश के लोगों से संवाद करते हैं। हर बार वे बहुत सारा ज्ञान साझा करते हैं और देश व देशवासियों के बारे में महत्वपूर्ण जानकारी देते हैं।
इस बार उन्होंने देश का ध्यान परमाणु ऊर्जा और पवन ऊर्जा की ओर आकर्षित करने की कोशिश की। उन्होंने एक बहुत बड़ी बात कही कि उनकी सरकार आने के बाद बांस को पेड़ों की श्रेणी से अलग कर दिया गया, ताकि बांस से विभिन्न उत्पाद आसानी से बनाए जा सकें। पेड़ों की वजह से जो रुकावटें लगी हुई थीं, वे अब समाप्त हो गई हैं।
प्रधानमंत्री ने यह भी कहा कि पूर्वोत्तर के बांस उद्योग को बढ़ावा देने के लिए हर व्यक्ति को बांस से बनी कोई न कोई वस्तु खरीदनी चाहिए।
अनिल विज ने कहा कि मैं भी यह कहना चाहूंगा कि आज हमें भी अपने घर बांस से बनी कोई चीज लानी चाहिए, ताकि इस उद्योग को और पूर्वोत्तर के लोगों को ताकत मिले।
उन्होंने गणित ओलंपियाड के बारे में भी बताया और कहा कि हमारे बच्चे गणित में कितना अच्छा प्रदर्शन कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि बच्चे वहां से पहले, दूसरे और तीसरे पुरस्कार जीतकर बहुत अच्छी तरह लौटे हैं।
--आईएएनएस
डीकेएम/वीसी