चलती लग्जरी बस से नीचे गिरा 3 साल का बच्चा, मां फोन पर बात करने में थी व्यस्त; ड्राइवर की सूझबूझ से बची जान, CCTV फुटेज वायरल
गुजरात के सूरत में एक चलती लग्जरी बस में हैरान करने वाला हादसा सामने आया है। यहां सफर के दौरान 3 साल का एक बच्चा बस के खुले गेट से सीधे सड़क पर गिर गया। गनीमत रही कि बस की रफ्तार कम थी और ड्राइवर की सूझबूझ से बच्चे की जान बच गई। घटना के वक्त बच्चे की मां मोबाइल फोन पर बात करने में व्यस्त थी और उसका ध्यान बेटे पर नहीं था। यह पूरी घटना बस में लगे CCTV कैमरे में कैद हो गई। हादसे का वीडियो अब सामने आया है, जो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।घटना 7 नवंबर की बताई जा रही है। एक प्राइवेट लग्जरी बस सौराष्ट्र के राजकोट से सूरत आ रही थी। बस में एक महिला अपने 3 साल के बेटे और 8 साल की बेटी के साथ सफर कर रही थी। यात्रा के दौरान महिला फोन पर बातचीत करने में इतनी व्यस्त हो गई कि उसका ध्यान छोटे बेटे से पूरी तरह हट गया।
खेलते-खेलते ड्राइवर के केबिन तक पहुंचा बच्चा
बस में लगे CCTV फुटेज के मुताबिक, बच्चा खेलते हुए एक सीट से दूसरी सीट पर जा रहा था। इसी दौरान वह धीरे-धीरे ड्राइवर के केबिन तक पहुंच गया। बस में मौजूद अन्य यात्रियों का भी बच्चे पर ध्यान नहीं गया। तभी ड्राइवर की नजर बच्चे पर पड़ी।बच्चे को बस के अगले हिस्से में देखकर ड्राइवर तुरंत सतर्क हो गया। उसने एक हाथ से बच्चे को पकड़ने की कोशिश की, लेकिन दूसरे हाथ से स्टीयरिंग संभालने के कारण वह बच्चे तक नहीं पहुंच सका। ड्राइवर ने बच्चे को बचाने के लिए उसकी तरफ हाथ बढ़ाया और जोर-जोर से चिल्लाकर यात्रियों को सतर्क करने की कोशिश की।
दो सेकंड में बस से नीचे गिर गया बच्चा
ड्राइवर के हाथ बढ़ाने और आवाज लगाने के महज दो सेकंड के भीतर हादसा हो गया। बच्चा बस के दरवाजे के पास वाली सीट से अपना संतुलन खो बैठा और खुले गेट से सीधे सड़क पर जा गिरा। ड्राइवर लगातार चिल्ला रहा था, लेकिन बस में बैठी महिला और दूसरे यात्रियों में से किसी ने उसकी आवाज पर ध्यान नहीं दिया।बच्चे को सड़क पर गिरते देखकर ड्राइवर ने तुरंत बस रोकने की कोशिश की। उस समय सड़क पर ट्रैफिक होने के कारण बस की रफ्तार पहले से ही कम थी। इसका फायदा मिला और ड्राइवर ने तुरंत ब्रेक लगाकर बस रोक दी।
बच्चे को गिरते देख दौड़कर नीचे उतरी मां
बस रुकते ही ड्राइवर ने जोर-जोर से चिल्लाकर दूसरे यात्रियों को बुलाया। इसके बाद बच्चे की मां भी घबराकर तुरंत बस से नीचे उतरी और सड़क पर गिरे अपने बेटे को उठाकर वापस ले आई। समय रहते बस रुक जाने और ड्राइवर की सतर्कता के कारण बच्चे की जान बच गई।
CCTV फुटेज ने उठाए बच्चों की सुरक्षा पर सवाल
इस घटना का CCTV फुटेज सामने आने के बाद बच्चों की सुरक्षा को लेकर चर्चा शुरू हो गई है। वीडियो में साफ दिखाई देता है कि बच्चा बिना किसी की निगरानी के बस में घूमता हुआ ड्राइवर के केबिन तक पहुंच गया था। वहीं, मां मोबाइल पर बातचीत में व्यस्त थी।यह घटना अभिभावकों के लिए एक बड़ी सीख है कि सार्वजनिक परिवहन में छोटे बच्चों को कभी भी अकेला नहीं छोड़ना चाहिए। सफर के दौरान बच्चों पर लगातार नजर रखना और बस