×

3डी खिलाड़ी के नाम से मशहूर ऑलराउंडर विजय शंकर ने भारतीय क्रिकेट के सभी फॉर्मेट से लिया संन्यास

 

चेन्नई, 22 मई (आईएएनएस)। ऑलराउंडर विजय शंकर ने शुक्रवार को भारतीय क्रिकेट के सभी फॉर्मेट से संन्यास की घोषणा कर दी। विजय शंकर ने वनडे और टी20 में भारतीय टीम का प्रतिनिधित्व किया था। वह वनडे विश्व कप 2019 में टीम इंडिया का हिस्सा रहे थे। विजय ने सोशल मीडिया पर भारतीय क्रिकेट से संन्यास की घोषणा की।

विजय शंकर ने एक्स पर लिखा, "क्रिकेट ही मेरी जिंदगी है। मैंने 10 साल की उम्र में खेलना शुरू किया था और 25 साल बाद, मैं हर स्तर पर और सर्वोच्च स्तर पर खेलने का मौका पाने के लिए खुद को बहुत भाग्यशाली और धन्य महसूस करता हूं। अपने देश का प्रतिनिधित्व करना हमेशा मेरे लिए सबसे गर्व भरे और खुशी के पलों में से एक रहेगा।"

उन्होंने लिखा, "मैंने नए अवसरों की तलाश करने और ज्यादा क्रिकेट खेलने के लिए घरेलू क्रिकेट और आईपीएल से संन्यास लेने का फैसला किया है। जो काम मुझे सबसे ज्यादा पसंद है, उसे करने का मौका देने के लिए सिर्फ 'धन्यवाद' कहना काफी नहीं होगा। मैं हमेशा आभारी रहूंगा। बीसीसीआई और भारतीय क्रिकेट टीम का भी धन्यवाद—जिनसे मुझे बहुत कुछ सीखने को मिला, अनगिनत यादें मिलीं और कई तरह की प्रेरणाएं मिलीं।"

विजय शंकर ने लिखा, "देश का प्रतिनिधित्व करना मेरे लिए सबसे बड़ा सम्मान रहा। नागपुर में भारत के 500वें वनडे मैच का आखिरी ओवर फेंकना, और 2019 विश्व कप में मेरी पहली गेंद पर मिला पहला विकेट—ये ऐसे पल हैं जिन्हें मैं हमेशा अपने दिल में संजोकर रखूंगा।"

अपनी आईपीएल टीमों का धन्यवाद देते हुए विजय शंकर ने लिखा, "मेरी आईपीएल टीमों गुजरात टाइटंस, सनराइजर्स हैदराबाद, चेन्नई सुपरकिंग्स और दिल्ली कैपिटल्स आप सबका खास शुक्रिया। हर तरफ से मिले अनुभव और सीख ने ही मुझे आज वो बनाया है जो मैं हूं। तमिलानडु क्रिकेट एसोसिएशन अंडर 13, 15, 17, 19, 22, 25 और आखिर में, सीनियर पुरुषों की टीम - मैंने अपनी जिंदगी का ज्यादातर हिस्सा यहीं बिताया है। हर कदम पर मेरा साथ देने के लिए आप सबका शुक्रिया।"

विजय शंकर ने अपनी कप्तानी में तमिलनाडु को विजय हजारे ट्रॉफी, देवधर ट्रॉफी और सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी का खिताब दिलाया था। वह कुछ समय के लिए त्रिपुरा टीम की तरफ से भी खेले थे। उन्होंने इस टीम का भी शुक्रिया अदा किया। उन्होंने लिखा, "त्रिपुरा टीम का शुक्रिया कि उन्होंने मुझे अपने सपने को कुछ और समय तक जारी रखने का मौका दिया।"

उन्होंने तमिलनाडु प्रीमियर लीग में अपनी टीमों सीएसजी, आईडीटीटी और एसएसआई टीएन का भी शुक्रिया अदा किया। इसके अलावा, उन्होंने इंडियन बैंक, आईसीएफ, इंडिया सीमेंट्स, और टेक सॉल्यूशन का भी आभार जताया।

ऑलराउंडर ने अपने सफर में साथ काम करने वाले हर कोच, सपोर्ट स्टाफ, फिजियो, ट्रेनर, मेंटर और मेंटल कंडीशनिंग कोच, ग्राउंड्समैन, मीडिया, न्यूट्रिशनिस्ट और डॉक्टर, और हर उस इंसान का शुक्रिया कहा जिसने उनकी बेहतरी के लिए कुछ भी किया।

अंत में उन्होंने लिखा, "मेरे परिवार और दोस्तों के लिए शब्द कम पड़ जाएंगे, लेकिन मुश्किल और अच्छे, हर दौर में मेरे साथ खड़े रहने के लिए उनका शुक्रिया। मुझे बहुत ज्यादा नफरत और नकारात्मकता का सामना करना पड़ा। मैं इस मौके का फायदा उठाकर आपको बताना चाहता हूं कि मैंने उन बातों को नजरअंदाज करके आगे बढ़ने का फैसला किया। अगर मैं ऐसा कर सकता हूं, तो कोई भी कर सकता है। सकारात्मक सोचें और कड़ी मेहनत करें। क्रिकेट ने मुझे जिंदगी जीना सिखाया है। क्रिकेट ही मेरी जिंदगी है। शुक्रगुजार और धन्य महसूस कर रहा हूं, आपका 3डी क्रिकेटर, विजय शंकर।"

35 साल के विजय शंकर ने भारतीय टीम के लिए 12 वनडे और 9 टी20 मैच खेले। वनडे में उनके नाम 223 रन और 4 विकेट हैं, जबकि टी20 में 4 पारियों में 101 रन और 5 विकेट हैं।

आईपीएल में विजय शंकर ने 2014 से 2025 के बीच सीएसके, हैदराबाद, डीसी और जीटी का हिस्सा रहते हुए कुल 78 मैच खेले। 7 अर्धशतक लगाते हुए 1,233 रन बनाने के अलावा उन्होंने 9 विकेट लिए। विजय शंकर 2022 में आईपीएल का खिताब जीतने वाली गुजरात टाइटंस (जीटी) का हिस्सा थे।

--आईएएनएस

पीएके