38 एपीआई के तबादले, कई महत्वपूर्ण इकाइयों में नई जिम्मेदारियां सौंपी
वसई-विरार, 13 जून (आईएएनएस)। मीरा-भायंदर, वसई-विरार पुलिस आयुक्तालय में पुलिसिंग को और अधिक प्रभावी, कुशल, तथा जनहित केंद्रित बनाने के लिए बड़े स्तर पर प्रशासनिक फेरबदल किया गया है। पुलिस स्थापना मंडल की मंजूरी के बाद पुलिस उपायुक्त (मुख्यालय एवं विशेष शाखा) संजयकुमार पाटिल ने शनिवार को 38 सहायक पुलिस निरीक्षकों (एपीआई) के तबादले और जिम्मेदारियों में बदलाव के आदेश जारी किए।
महाराष्ट्र पुलिस अधिनियम 1951 की धारा 22(एन) के तहत जारी आदेश के अनुसार यह फेरबदल मुख्य रूप से दो वर्ष का कार्यकाल पूरा कर चुके अधिकारियों के स्थानांतरण, कार्यकुशलता बढ़ाने और प्रशासनिक जरूरतों को ध्यान में रखकर किया गया है।
इस बड़े बदलाव के बाद विरार, विरार रोड, नायगांव, नवघर, भायंदर, उत्तन, तुलिंज, वालीव, काशीगांव, काशीमीरा, आचोले, नालासोपारा, बोलिंज, मांडवी, अर्नाला, पेल्हार, अपराध शाखा, आर्थिक अपराध शाखा, विशेष शाखा, साइबर पुलिस स्टेशन और यातायात शाखा सहित कई महत्वपूर्ण इकाइयों में नई तैनाती की गई है।
आदेश के अनुसार, सुधीर नारायण थोरात को विरार पुलिस स्टेशन, मंगेश दिनकर कदम को तुलिंज, राम व्यंकटराव सुरवसे को पेल्हार, विशाल काशीनाथ धायगुडे को मनपा अतिक्रमण कक्ष, अनिल आनंद तलवेकर को अपराध शाखा तथा सागर शांताराम वहाण को आर्थिक अपराध शाखा की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
महिला अधिकारी मनीषा बालकृष्ण पाटिल और रूपाली अर्जुन वाहुल को विरार पुलिस स्टेशन में नियुक्त किया गया है। वहीं, महेंद्र अप्पाजी भामरे को वालीव तथा सुनील गणपत पवार को अपराध शाखा में भेजा गया है।
राजेंद्र नागनाथ चंदनकर को विशेष शाखा, सुहास भीमराव कांबले को काशीगांव, नितिन गोकुल चौधरी को मांडवी, नितिन जगताप को यातायात शाखा काशीमीरा, सचिन कांबले को विरार रोड पुलिस स्टेशन तथा किशोर बापुराव धायगुडे को अपर पुलिस आयुक्त कार्यालय में वाचक अधिकारी के रूप में नियुक्त किया गया है।
एक अन्य आदेश के अनुसार, अधिकारियों के अनुरोध पर भी बदलाव किए गए हैं। सोपान तुकाराम पाटिल को अपराध शाखा कक्ष-2 से वालीव पुलिस स्टेशन, रामकृष्ण मधुकर बोडके को विरार पुलिस स्टेशन से दंगल नियंत्रण पथक (आरसीपी) तथा रामेश्वर अशोक पडवल को सुरक्षा शाखा से विरार पुलिस स्टेशन में नियुक्त किया गया है।
पुलिस विभाग के अनुसार, इन आदेशों को तत्काल प्रभाव से लागू कर दिया गया है। अधिकारियों का मानना है कि इस बड़े फेरबदल से आयुक्तालय की कार्यप्रणाली और अधिक सुचारु होगी तथा क्षेत्र में कानून-व्यवस्था और अपराध नियंत्रण को नई मजबूती मिलेगी।
--आईएएनएस
डीकेएम/डीकेपी