×

365 दिन हम चुनाव की तैयारी करते हैं, बीएमसी का महापौर महायुति से ही होगा: रविंद्र चव्हाण

 

मुंबई, 22 दिसंबर (आईएएनएस)। महाराष्ट्र के शहरी स्थानीय निकाय चुनावों में भाजपा सबसे बड़ी राजनीतिक ताकत के रूप में उभरी है, जिसने 125 से अधिक नगर परिषदों और नगर पंचायतों में सामूहिक रूप से जीत हासिल करके महायुति गठबंधन के प्रभुत्व को मजबूत किया है।

इस नतीजे के बाद महाराष्ट्र भाजपा के अध्यक्ष रविंद्र चव्हाण ने समाचार एजेंसी आईएएनएस से चुनावी जीत और अन्य राजनीतिक मुद्दों पर बातचीत की। उन्होंने कहा कि महानगरपालिका के चुनाव में भी महायुति की ही जीत होगी और बीएमसी का महापौर भी महायुति से ही होगा।

रविंद्र चव्हाण ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस के नेतृत्व में नगर निकाय के चुनाव हुए। चुनाव के नतीजों में 215 से अधिक नगराध्यक्ष चुने गए हैं।

उन्होंने कहा कि इसका एक ही कारण है कि सीएम देवेंद्र फडणवीस के नेतृत्व में एक साल में कई बड़े फैसले लिए गए और ग्रामीण क्षेत्रों में भी सरकार ने बाढ़ में किसानों को हुए नुकसान की भरपाई की। यही वजह है कि जनता ने महायुति को वोट दिया है। भाजपा के 129 नगराध्यक्ष और 34 से अधिक नगरसेवक चुने गए हैं।

हर चुनाव को भाजपा उत्साह के साथ लड़ती है, चाहे वह विधानसभा चुनाव हो या नगर निकाय। इस सवाल पर उन्होंने कहा कि हमारे नेता पीएम नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह एक कार्यकर्ता की तरह काम करते हैं। कार्यकर्ता सक्रिय रहें, इसके लिए राष्ट्रीय स्तर से लेकर अंतिम पायदान तक कार्यकर्ता बूथ स्तर पर काम करते हैं। बूथ स्तर के कार्यकर्ता 365 दिन मेहनत करते रहते हैं।

उन्होंने कहा कि हम स्ट्राइक रेट की चिंता नहीं करते। भाजपा देश सेवा की भावना से काम करती है। देश के अंतिम व्यक्ति तक सरकार की हर योजना पहुंचाने का काम भाजपा की सरकार करती है। पीएम मोदी के नेतृत्व में कई योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाया गया है। हम संगठन के माध्यम से सरकार की योजनाओं का लाभ निचले स्तर तक पहुंचाने का काम करते हैं।

महानगरपालिका चुनाव की तैयारियों को लेकर उन्होंने कहा कि हम हमेशा चुनाव और संगठन की तैयारी करते रहते हैं। सभी 29 महानगरपालिकाओं में महायुति का ही महापौर हो, इसके लिए हम लगे हुए हैं। बीएमसी चुनाव पर उन्होंने कहा कि हम विकास के मुद्दे पर चुनाव लड़ रहे हैं। नागरिकों को अच्छी सुविधा मिले, यही इस चुनाव का उद्देश्य है।

उन्होंने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार के नेतृत्व में लोगों की समस्याएं हल की जा सकती हैं। हम लोगों तक यह बात पहुंचाएंगे। विपक्ष लोग इन समस्याओं को हल नहीं कर सकते। उन्होंने स्पष्ट तौर पर कहा कि बीएमसी का महापौर महायुति का ही होगा।

--आईएएनएस

एएमटी/डीकेपी