3 साल बाद विदेशी धरती पर पाकिस्तान को नसीब हुई पहली जीत, बाबर आजम की कप्तानी में थमा हार का सिलसिला
त्रिनिदाद, 6 अगस्त (आईएएनएस)। पाकिस्तान ने पोर्ट ऑफ स्पेन के क्वींस पार्क ओवल मैदान पर वेस्टइंडीज को दूसरे टेस्ट में 8 विकेट से हराया। इस जीत के साथ ही पाकिस्तान ने विदेशी सरजमीं पर चले आ रहे लगातार हार के सिलसिले पर भी अंकुश लगाया। वेस्टइंडीज से मिले 75 रनों के लक्ष्य को पाकिस्तान ने 2 विकेट खोकर हासिल कर लिया।
पाकिस्तान टीम की दोबारा कप्तानी सौंपे जाने के बाद पहली सीरीज में ही बाबर आजम ने विदेशी धरती पर तीन साल से जारी जीत का सूखा खत्म किया। इस टेस्ट मैच से पहले घर से बाहर खेलते हुए पाकिस्तान ने जुलाई 2023 में आखिरी जीत श्रीलंका की सरजमीं पर दर्ज की थी। इसके बाद से पाकिस्तान को पिछले 8 टेस्ट मैचों में हार का सामना करना पड़ा था, हालांकि वेस्टइंडीज के खिलाफ दूसरे टेस्ट मैच में आखिरकार यह हाल का सिलसिला थम गया।
वेस्टइंडीज ने पहली पारी में 344 रन बनाए थे, जिसके जवाब में पाकिस्तान ने 387 रन बनाने के साथ ही 43 रनों की बढ़त हासिल की थी। हालांकि, दूसरी पारी में वेस्टइंडीज के बल्लेबाजों ने पाकिस्तान की स्पिन जोड़ी अली उस्मान और साजिद खान के आगे आसानी से घुटने टेक दिए और पूरी टीम महज 117 रन बनाकर ऑलआउट हो गई थी। अली उस्मान और साजिद ने 4-4 विकेट अपने नाम किए।
75 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी पाकिस्तान की शुरुआत अच्छी नहीं रही और इमाम-उल हक सिर्फ 9 रन बनाकर आउट हुए। वहीं, अजान अवैस सिर्फ 9 रन ही बना सके। इसके बाद अब्दुल्ला शफीक और कप्तान बाबर आजम ने टीम को कोई और झटका नहीं लगने दिया और पाकिस्तान को 8 विकेट से जीत दिलाई। शफीक ने 51 गेंदों में नाबाद 24 रन बनाए, तो कप्तान बाबर भी 24 रन बनाकर टीम को जीत दिलाकर लौटे। इस जीत के साथ ही पाकिस्तान ने दो मैचों की टेस्ट सीरीज को 1-1 से बराबर भी कर दिया है। पहले टेस्ट में वेस्टइंडीज ने पाकिस्तान को 90 रनों से शिकस्त दी थी।
--आईएएनएस
एसएम/वीसी