‘2027 का विधानसभा चुनाव जीतेंगे’, पंकज चौधरी के नामांकन दाखिल करने पर उनके बेटे रोहन चौधरी
लखनऊ, 13 दिसंबर (आईएएनएस)। केंद्रीय राज्य मंत्री पंकज चौधरी के बेटे रोहन चौधरी ने प्रदेश भाजपा के अध्यक्ष पद के लिए पिता के नामांकन दाखिल करने पर खुशी जाहिर की है।
रोहन चौधरी ने कहा कि भाजपा के शीर्ष नेतृत्व जो जिम्मेदारी मेरे पिता को दे रहे है, मुझे विश्वास है कि हम 2027 के विधानसभा चुनाव में भारी मतों से जीत हासिल करेंगे।
लखनऊ में आईएएनएस से बातचीत में रोहन चौधरी ने कहा कि उत्साह है, गर्व है। इतने बड़े प्रदेश की जिम्मेदारी दी जा रही है। परिवार का पूरा सपोर्ट उन्हें मिलेगा। परिवार में खुशी का माहौल है। अभी हम पिता से मिले नहीं हैं, लेकिन चारों तरफ से बधाई के फोन आ रहे हैं। उन्होंने बताया कि दादी भी बहुत खुश हैं। वे 89 साल की हैं और बहुत उत्साहित हैं। 2027 के विधानसभा चुनाव में हम बेहतर प्रदर्शन करेंगे और पार्टी के नेतृत्व में पिछली बार से ज्यादा सीटें जीतेंगे।
केंद्रीय राज्य मंत्री पंकज चौधरी के परिवार के एक सदस्य ने कहा कि पंकज चौधरी मेरे छोटे भाई जैसे हैं; वह बचपन से हमारे साथ हैं। मुझे बहुत खुशी और गर्व है कि वह प्रदेश अध्यक्ष बनने वाले हैं। उन्होंने हमारे गोरखपुर का नाम रौशन किया है। अभी वे केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री हैं।
बता दे कि उत्तर प्रदेश में 2027 में होने वाले विधानसभा चुनाव से पहले भाजपा को नया प्रदेश अध्यक्ष मिलने वाला है। शनिवार को उत्तर प्रदेश भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पद के लिए केंद्रीय राज्य मंत्री और महराजगंज से सात बार के सांसद पंकज चौधरी ने नामांकन दाखिल कर दिया है। उनके नामांकन कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, दोनों उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य और ब्रजेश पाठक सहित प्रदेश भाजपा के वरिष्ठ नेता मौजूद रहे। 14 दिसंबर को उनके नाम की औपचारिक घोषणा होने वाली है।
पंकज चौधरी ने नामांकन दाखिल करने के बाद सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट किया। उन्होंने लिखा कि लखनऊ में भाजपा उत्तर प्रदेश के अध्यक्ष पद हेतु मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य, उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक की मौजूदगी में नामांकन पत्र दाखिल किया। उन्होंने कहा कि पार्टी जो भी जिम्मेदारी देगी, उसे लगन के साथ पूरा करने का काम किया जाएगा।
--आईएएनएस
डीकेएम/डीकेपी