2026 एपेक की तीसरी वरिष्ठ अधिकारी बैठक ताल्येन में आयोजित
बीजिंग, 26 अगस्त (आईएएनएस)। 2026 एशिया-प्रशांत आर्थिक सहयोग (एपेक) की मेजबानी कर रहे चीन ने 17 से 28 अगस्त तक पूर्वोत्तर चीन के ल्याओनिंग प्रांत के ताल्येन शहर में एपेक की तीसरी वरिष्ठ अधिकारी बैठक और संबंधित सम्मेलनों का आयोजन किया।
इस दौरान प्रतिनिधियों ने व्यापार, परिवहन, प्रौद्योगिकी और ऊर्जा समेत कई मुद्दों पर गहन विचार-विमर्श किया। साथ ही, उन्होंने ताल्येन का दौरा कर उत्तर पूर्वी चीन के विकास की गति और संभावनाओं को भी करीब से देखा।
इस साल फरवरी और मई में एपेक की वरिष्ठ अधिकारी बैठक और संबंधित सम्मेलन क्रमशः क्वांगचो और शांगहाई में सफलतापूर्वक आयोजित किए गए थे। ऐसे में, ताल्येन में तीसरी वरिष्ठ अधिकारी बैठक और संबंधित सम्मेलनों का आयोजन एक बार फिर दुनिया के सामने चीन के अलग-अलग क्षेत्रों की विकास विशेषताओं को पेश कर रहा है। इसके तहत ताल्येन ने एपेक के मेहमानों के लिए उद्योग और संस्कृति को जोड़ने वाले तीन अध्ययन दौरे के मार्ग तैयार किए हैं। इन मार्गों में जहाज निर्माण से लेकर आधुनिक मत्स्य पालन और उच्च प्रौद्योगिकी से लेकर ऐतिहासिक एवं सांस्कृतिक विरासत तक के क्षेत्र शामिल हैं। इससे विभिन्न अर्थव्यवस्थाओं के प्रतिनिधियों को चीन के विकास को समझने का एक नया अवसर मिला है।
मेक्सिको के मिचोआकन सैन निकोलस विश्वविद्यालय के अर्थशास्त्र एवं व्यवसाय अनुसंधान संस्थान के निदेशक अमेरिका ज़मोरा ने कहा कि चीन की विकास गति बहुत तेज है और यहां उद्योगों में लगातार नए बदलाव हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि ताल्येन एक बेहद खूबसूरत शहर है, जो आधुनिक और आकर्षक होने के साथ-साथ फैशनेबल भी है। शहर में गहरी सांस्कृतिक विरासत के साथ आधुनिकता और तकनीक की झलक भी देखने को मिलती है।
वहीं, चिली के फल निर्यातक संघ के महासचिव रोड्रिगो गैलियार्डो ने कहा कि एपेक अंतरराष्ट्रीय एजेंडे पर चर्चा करने और उसे आगे बढ़ाने के लिए एक महत्वपूर्ण मंच है। उन्होंने कहा कि चीन रणनीतिक एजेंडे और विभिन्न रणनीतिक स्तंभों को आगे बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है।
(साभार- चाइना मीडिया ग्रुप, पेइचिंग)
--आईएएनएस
एबीएम/