☰
×

18 साल बाद भी नहीं भरे 26/11 के जख्म, पीड़ित के भाई बोले- वो मंजर आज भी नहीं भूल पाए

 

मुंबई, 26 नवंबर (आईएएनएस)। 26/11 मुंबई आतंकी हमले की बरसी पर एक बार फिर उन जख्मों की याद ताजा हो गई, जो 18 साल बीत जाने के बाद भी नहीं भरे हैं। इस हमले में अपने प्रियजनों को खोने वाले परिवारों का दर्द आज भी वैसा ही है, जैसा उस काली रात को था। ऐसे ही एक पीड़ित परिवार के सदस्य सलीम शेख ने आईएएनएस से बात करते हुए अपने भाई शोएब शेख को याद किया, जिसकी इस आतंकी हमले में मौत हो गई थी।

सलीम शेख ने बताया कि उनका भाई शोएब शेख 26 नवंबर 2008 को हुए आतंकी हमले में मारा गया था। आज भी वह मंजर उनके ज़ेहन में जिंदा है। उस भयावह रात को याद करते हुए सलीम शेख ने कहा कि रात करीब साढ़े नौ बजे उनके भाई के नंबर से फोन आया था। फोन करने वाले ने बताया कि यहां शोएब शेख नाम का व्यक्ति घायल हुआ है। यह सुनते ही परिवार के लोग घबरा गए और तुरंत भागकर मौके पर पहुंचे।

उन्होंने बताया कि शोएब को अस्पताल ले जाया गया था। जब परिवार के लोग अस्पताल पहुंचे, तो वहां भागम-भाग और अफरा-तफरी का माहौल था। हर तरफ चीख-पुकार मची हुई थी। काफी खोजबीन के बाद उन्होंने अपने भाई को ढूंढा, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी। अस्पताल पहुंचने तक शोएब की मौत हो चुकी थी।

सलीम ने कहा कि उस माहौल को आज तक हम भुला नहीं पाए हैं। न हम भुला पाए, न हमारे घर वाले भुला पाए। उस रात की यादें आज भी परिवार को रुला देती हैं।

सलीम शेख ने बताया कि उनका भाई ड्राइविंग का काम करता था और घटना के समय वह ऑन ड्यूटी था। जब आतंकी हमला हुआ, तो वह गाड़ी में ही था। भागम-भाग और गोलियों की आवाज सुनकर वह यह देखने के लिए गाड़ी से थोड़ा बाहर निकला कि आखिर हो क्या रहा है। इसी दौरान आतंकियों की गोलियां उसे लग गईं।

उन्होंने बताया कि शोएब को एक साथ पांच गोलियां लगी थीं, जो एक ही तरफ लगी थीं। घायल अवस्था में उसे अस्पताल ले जाया गया, लेकिन उसे बचाया नहीं जा सका। उस समय शोएब की उम्र लगभग 35 साल थी।

सलीम शेख ने बताया कि जब शोएब की मौत हुई, तब उसके बच्चे बहुत छोटे-छोटे थे। आज उनकी पत्नी और दो बच्चे अपनी जिंदगी गुजार रहे हैं। कभी-कभी जब वह अपने भाई के बारे में सोचते हैं, तो उन्हें बहुत तकलीफ होती है।

सलीम शेख ने कहा कि इस आतंकी हमले से सिर्फ उनका ही नहीं, बल्कि हिंदुस्तान और मुंबई के कई परिवारों का नुकसान हुआ है। किसी का बेटा गया, किसी का बाप गया, तो किसी का भाई गया। यह नुकसान कभी पूरा नहीं हो सकता।

उन्होंने कहा कि जो आतंकी है, वह आतंकवादी ही रहता है। उसका कोई अपना नहीं होता। हमारे देश का जो देशद्रोही है, उसको हम कभी माफ नहीं कर सकते। आतंकी को हिंदुस्तान में सजा-ए-मौत दी जानी चाहिए, चाहे वह कोई भी हो।

बता दें कि पाकिस्तान स्थित लश्कर-ए-तैयबा से जुड़े 10 आतंकवादियों द्वारा किया गया 26/11 का हमला 26 नवंबर 2008 की रात को शुरू हुआ और 29 नवंबर तक चला। हमलावरों ने मुंबई की कई प्रमुख जगहों पर एक साथ हमले किए, जिनमें छत्रपति शिवाजी टर्मिनस रेलवे स्टेशन, लियोपोल्ड कैफे, दो अस्पताल, नरीमन हाउस और ताज महल पैलेस तथा ओबेरॉय-ट्राइडेंट होटल शामिल थे।

इस हमले में 166 लोगों की जान गई और लगभग 300 लोग घायल हुए। सुरक्षा बलों ने 10 में से 9 हमलावरों को मार गिराया, जबकि अजमल आमिर कसाब को जिंदा पकड़ लिया गया। उसे 2010 में मौत की सजा सुनाई गई और 2012 में फांसी दे दी गई।

--आईएएनएस

पीआईएम/एएस