×

'158 रनों का स्कोर काफी नहीं था', चौथे टी20 में हार के बाद बोले कप्तान श्रेयस अय्यर

 

नई दिल्ली, 10 जुलाई (आईएएनएस)। भारतीय टीम को चौथे टी20 इंटनरेशनल मुकाबले में इंग्लैंड के खिलाफ 9 विकेट से करारी हार का सामना करना पड़ा। इस हार के साथ ही भारतीय टीम ने लगातार दूसरी टी20 सीरीज गंवा दी है। कप्तान श्रेयस अय्यर टीम के प्रदर्शन से खासा निराश नजर आए और उन्होंने माना कि 158 रनों का टोटल स्कोरबोर्ड पर काफी नहीं था।

मैच के बाद कप्तान अय्यर ने कहा, "यह निराशाजनक प्रदर्शन था। 158 रनों का टोटल स्कोरबोर्ड पर काफी नहीं था और आखिर में हमने देखा कि उन्होंने कितनी जल्दी इसे चेज कर लिया। जब हम गेंदबाजी करने आए तो मैंने गेंदबाजों से बस यही कहा कि वे लेंथ को जितना हो सके उतना दोहराएं, क्योंकि मिडिल और लेग स्टंप के टॉप पर गेंदबाजी करना मुश्किल था। मुझे लगता है कि हम अपने प्लान को अमल में लाने में थोड़ा कमजोर रहे। जब हमने पेस बदलने या कुछ और करने की कोशिश की तो उन्हें बाउंड्री मिल गईं।"

श्रेयस ने कहा कि उनका प्रदर्शन तो अच्छा रहा, लेकिन अगर टीम को जीत मिलती तो ज्यादा खुशी होती। उन्होंने कहा, "मैं अपने प्रदर्शन से खुश हूं, लेकिन जब यह जीतने की वजह नहीं बनता है, तो यह टीम के पास चला जाता है। इसी वजह से जीत में योगदान देना चाहता हूं। यह एक बदलाव का दौर है और हम बहुत सारी गलतियां करेंगे। बहुत सारे युवा खिलाड़ी पहली बार इन परिस्थितियों में खेल रहे थे। गलतियां यह समझने के लिए जरूरी होंगी कि हमें विदेशी परिस्थितियों में कैसे तालमेल बैठाना है। जल्दी सीखना जरूरी है।"

भारतीय बल्लेबाजों का प्रदर्शन चौथे टी20 इंटरनेशनल मुकाबले में निराशाजनक रहा। वैभव सूर्यवंशी लगातार तीसरे मैच में बल्ले से कुछ खास कमाल नहीं दिखा सके और 15 रन बनाकर आउट हुए। वहीं, अभिषेक शर्मा सिर्फ 16 रन बनाकर आदिल रशीद का शिकार बने। ईशान किशन (4 रन) फिर सस्ते में पवेलियन लौटे। शिवम दुबे 23 गेंदों का सामना करने के बाद महज 22 रन ही बना सके, जबकि तिलक वर्मा ने 11 रन बनाए। वॉशिंगटन सुंदर (5 रन) और अक्षर पटेल (1 रन) का भी बल्ला खामोश रहा। हालांकि, कप्तान अय्यर ने बेहतरीन बल्लेबाजी करते हुए 49 गेंदों में 4 चौके और 5 छक्कों की मदद से नाबाद 80 रन बनाए। हालांकि, उन्हें दूसरे छोर से बाकी बल्लेबाजों का साथ नहीं मिल सका।

--आईएएनएस

एसएम/एएस