×

घर लौटने में हुई देरी तो परिजनों ने फटकारा, दिल्ली में 13 वर्षीय बच्ची ने उठाया आत्मघाती कदम

 

दिल्ली के शाहदरा इलाके में एक बेहद दुखद घटना सामने आई है। यहां देर से घर लौटने को लेकर परिवार की डांट से आहत 13 साल की बच्ची की मौत हो गई। पुलिस के मुताबिक, घटना की सूचना मिलने के बाद टीम मौके पर पहुंची, जहां बच्ची बेहोश हालत में मिली।

बच्ची मूल रूप से बिहार के मधुबनी जिले की रहने वाली थी। पुलिस ने परिजनों से पूछताछ की तो सामने आया कि बच्ची देर से घर लौटी थी। इस बात को लेकर परिवार वालों ने उसे डांटा था। इसके कुछ समय बाद बच्ची ने यह कदम उठा लिया।

घटना के बाद उसकी बहन ने उसे बचाने की कोशिश की और परिजन तत्काल उसे डॉ. हेडगेवार अस्पताल लेकर पहुंचे। हालांकि, अस्पताल में डॉक्टरों ने बच्ची को मृत घोषित कर दिया।

फिलहाल दिल्ली पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस घटना से जुड़े सभी पहलुओं की पड़ताल कर रही है।

कुछ दिन पहले छात्रा की मौत का मामला भी आया था सामने

इससे कुछ दिन पहले भी एक स्कूली छात्रा की मौत का मामला सामने आया था। 11वीं कक्षा में पढ़ने वाली छात्रा ने स्कूल की इमारत से कथित तौर पर छलांग लगा दी थी।

छात्रा के पिता ने आरोप लगाया था कि एक शिक्षक की ओर से सजा दिए जाने के बाद उनकी बेटी ने यह कदम उठाया। हालांकि, गाजीपुर रोड स्थित नवोदय विद्या निकेतन सीनियर सेकेंडरी स्कूल के प्रधानाचार्य आरके शर्मा ने छात्रा को सजा दिए जाने के आरोपों से इनकार किया था।

इस मामले में स्कूल पर फीस को लेकर बच्चों को कथित तौर पर परेशान करने और उनके साथ दुर्व्यवहार करने जैसे आरोप भी लगाए गए थे। हालांकि, इन आरोपों की अलग-अलग स्तर पर जांच की जा रही थी।

बच्चों से बातचीत और भावनात्मक सहयोग बेहद जरूरी

बच्चों और किशोरों के व्यवहार में अचानक बदलाव, अत्यधिक तनाव या परेशानी दिखाई दे तो परिवार को उनसे शांतिपूर्वक बात करनी चाहिए। किसी भी गंभीर मानसिक संकट की स्थिति में विशेषज्ञ या हेल्पलाइन की मदद लेना जरूरी है।

मानसिक स्वास्थ्य सहायता के लिए:

  • वंद्रेवाला फाउंडेशन फॉर मेंटल हेल्थ: 9999666555
  • TISS iCall: 022-25521111 (सोमवार से शनिवार, सुबह 8 बजे से रात 10 बजे तक)