139वां कैंटन मेला सफलतापूर्वक संपन्न
बीजिंग, 7 मई (आईएएनएस)। 139वां कैंटन मेला 5 मई को सफलतापूर्वक संपन्न हो गया। इस वर्ष का मेला कई महत्वपूर्ण पहलुओं में पिछले सत्रों की तुलना में बेहतर रहा। खासकर 'नए, हरित और बुद्धिमान' उत्पादों की संख्या, विदेशी खरीदारों की भागीदारी और प्रमुख अंतरराष्ट्रीय कंपनियों की मौजूदगी में उल्लेखनीय वृद्धि दर्ज की गई।
मेले ने खुले और सहयोगात्मक दृष्टिकोण के साथ दुनिया भर के व्यवसायों को आकर्षित किया। साथ ही, आधुनिक तकनीकों और नवाचारों के जरिए चीनी विनिर्माण क्षमता का प्रदर्शन किया गया। उत्कृष्ट सेवाओं और कारोबारी सुविधाओं ने वैश्विक व्यापारिक साझेदारी को भी मजबूत किया। यह चीन के विदेशी व्यापार की मजबूती, जीवंतता और उच्च स्तरीय खुलेपन को बढ़ाने की उसकी प्रतिबद्धता को दर्शाता है।
आंकड़ों के अनुसार, मेले में 220 देशों और क्षेत्रों से कुल 3 लाख 14 हजार विदेशी खरीदारों ने भाग लिया। यह संख्या 138वें कैंटन मेले की तुलना में 1.1 प्रतिशत अधिक रही। अमेरिका, ऑस्ट्रेलिया और कनाडा से खरीदारों की संख्या में विशेष बढ़ोतरी देखी गई, जबकि बेल्ट एंड रोड पहल से जुड़े देशों की भागीदारी स्थिर बनी रही। इस मेले में 407 प्रमुख खरीद कंपनियों और 154 विदेशी व्यापार संगठनों ने भी हिस्सा लिया।
वर्तमान सत्र में 25.7 अरब अमेरिकी डॉलर के निर्यात अनुबंध संपन्न हुए। कई विदेशी खरीदारों ने आगे सहयोग के लिए कारखानों के दौरे की योजना भी बनाई है।
मेले में कुल 46 लाख 50 हजार उत्पाद प्रदर्शित किए गए, जिनमें 'नए, हरित और बुद्धिमान' उत्पादों की हिस्सेदारी 20 प्रतिशत से अधिक रही। इसके अलावा, 665 नए उत्पाद लॉन्च कार्यक्रम आयोजित किए गए और 60 प्रतिशत से अधिक उत्पादों में नवोन्मेषी तकनीकों का उपयोग किया गया।
कैंटन फेयर ऐप का उपयोग 5 लाख 53 हजार लोगों ने किया, जबकि 3 लाख 17 हजार लोगों ने बूथ-स्तरीय नेविगेशन सेवा का अनुभव लिया। व्यापार सेवाओं के प्रदर्शनी क्षेत्र में 210 संस्थानों ने भाग लिया और 1 लाख 20 हजार से अधिक आगंतुकों का स्वागत किया। इन संस्थानों ने उद्यमों के संपूर्ण कारोबारी जीवनचक्र से जुड़ी सेवाएं प्रदान कीं।
मेले के दौरान 38 आपूर्ति-खरीद मैचमेकिंग कार्यक्रम, 12 प्रदर्शनी अन्वेषण लाइव स्ट्रीम, 25 मध्य पूर्व केंद्रित लाइव स्ट्रीम और 9 विशेष विषयों पर मंच आयोजित किए गए। इन गतिविधियों ने कंपनियों को नए बाजारों तक पहुंचने और व्यापारिक अवसरों की बेहतर पहचान करने में मदद की।
बता दें कि 140वां कैंटन मेला 15 अक्टूबर से 4 नवंबर 2026 तक चीन के क्वांगचो शहर में आयोजित किया जाएगा।
(साभार- चाइना मीडिया ग्रुप, पेइचिंग)
--आईएएनएस
एबीएम/