13 दिन जेल में काटने के बाद राजपाल यादव की काम पर वापसी
मुंबई, 23 फरवरी (आईएएनएस)। चेक बाउंस मामले में जमानत मिलने के बाद कमीडियन और अभिनेता राजपाल यादव 13 दिन बाद जेल से बाहर आए और अपनी भतीजी की शादी में शामिल हुए।
शादी के कई वीडियो सामने आए, जिसमें अभिनेता जश्न के माहौल में डूबे दिखे, लेकिन अब कर्म बुला रहा है। अभिनेता ने जेल और शादी समारोह से वापसी के बाद अब काम पर वापसी कर ली है और वादा किया है कि आने वाले कई सालों तक वे अपनी कॉमेडी से सबको हंसाते रहेंगे।
राजपाल यादव ने काम पर वापसी की जानकारी अपने लेटेस्ट वीडियो के जरिए दी है, जिसमें उन्होंने बुरे वक्त में मदद करने वालों, चाहने वालों और अपने फैंस के बेइंतहां प्यार को सलाम किया है। इसके साथ ही जल्द ही राजपाल यादव के करियर के तीस साल पूरे होने वाले हैं, जिसमें उन्होंने जिंदगी के कई रंग देख लिए हैं। अभिनेता ने बताया कि कैसे तीस साल पहले एक छोटे से नाटक में रोल करने के लिए चेहरे पर मेकअप किया था, जो आज तक चेहरे पर लगा है।
उन्होंने वीडियो में बताया कि 13 जुलाई 1997 को पुणे में येरवडा सेंट्रल जेल के पीछे 'स्वराज' नाम के सीरियल में काम करने का मौका मिला था। डीडी वन पर कार्यक्रम आता था और बहुत छोटा सा रोल था, और तब से लेकर अब तक और साल 2027 में मुझे सिनेमा में काम करते हुए 30 साल पूरे हो जाएंगे। हर परेशानी, आंधी और तूफान में मुंबई की इस धरती ने बहुत साथ दिया है।
उन्होंने दर्शकों को विशेष धन्यवाद भी दिया है। फैंस भी अभिनेता को काम करते देखकर काफी खुश हैं और उन्हें खुलकर सपोर्ट कर रहे हैं।
डीडी के सीरियल 'स्वराज' में अभिनेता का रोल तिलका मांझी का था, जो अंग्रेजों से लड़ने में स्वतंत्रता सेनानियों की पूरी मदद करते हैं। तिलका मांझी पहले आदिवासी स्वतंत्रता सेनानी थे, जिन्होंने अंग्रेजों के खिलाफ जंग के एलान में बड़ा योगदान दिया था। हालांकि, अभिनेता को पहचान सीरियल से नहीं, बल्कि फिल्मों से मिली। उन्हें आज भी 'चुप-चुप के', 'हंगामा', 'वक्त: द रेस अगेंस्ट टाइम', और 'गरम मसाला' जैसी फिल्मों के लिए जाना जाता है।
--आईएएनएस
पीएस/डीकेपी