×

12वीं पास युवाओं के लिए सुनहरा मौका: एपीएसएसबी ने 207 पदों पर निकाली भर्ती, 10 अगस्त तक भरें फॉर्म

 

ईटानगर, 3 अगस्त (आईएएनएस)। सरकारी नौकरी की तैयारी करने के साथ रिक्तियों के जारी होने का इंतजार कर रहे युवाओं के लिए एक शानदार मौका सामने आया है। दरअसल, अरुणाचल प्रदेश कर्मचारी चयन बोर्ड (एपीएसएसबी) ने विभिन्न कार्यालय/विभाग में लोअर डिवीजन क्लर्क (एलडीजी) सहित अलग-अलग कुल 207 पदों पर पात्र उम्मीदवारों की नियुक्ति के लिए एक आधिकारिक अधिसूचना जारी करके आवेदन आमंत्रित किए हैं।

एपीएसएसबी की ओर से जारी 207 रिक्तियों में कृषि फील्ड असिस्टेंट (जूनियर)-कृषि के 16, डेटा एंट्री ऑपरेटर (डीईओ)-चिकित्सा शिक्षा, प्रशिक्षण और अनुसंधान निदेशालय के 7, फील्ड असिस्टेंट (भूमि प्रबंधन) के 13, फिशरी डेमोंस्ट्रेटर (मत्स्य पालन) के 15, जूनियर सेक्रेटेरिएट असिस्टेंट (सचिवालय प्रशासन) के 3, लैबोरेटरी असिस्टेंट (पशुपालन और पशु चिकित्सा) के 4, लोअर डिवीजन क्लर्क (एलडीजी) के 56 पदों में ऑडिट और पेंशन का 1, डीसी बिचोम के 2, डीसी सियांग के 2, सैनिक कल्याण निदेशालय और राज्य सैनिक बोर्ड के 2, अभियोजन निदेशालय के 5, चुनाव के 7, स्वास्थ्य सेवाएं के 5, उच्च और तकनीकी शिक्षा के 2, पीएचई और डब्ल्यूएस के 9, लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) के 8, सहकारी समितियों के रजिस्ट्रार के 2, ग्रामीण कार्य विभाग (आरडब्ल्यूडी) के 6, कौशल विकास और उद्यमिता का 1 और टीआरआईएचएमएस के 4; रिकॉर्ड कीपर/रिकॉर्ड क्लर्क के 4 और स्टॉकमैन के 89 पद शामिल हैं।

इन सभी पोस्ट के लिए ऑनलाइन माध्यम से आवेदन प्रक्रिया 20 जुलाई से शुरू हो गई है और अप्लाई करने की अंतिम तिथि 10 अगस्त तय की गई है। एप्लीकेशन फॉर्म भरके इच्छुक उम्मीदवार एपीएसएसबी की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर तय अंतिम तिथि के शाम 5 बजे तक या उससे पहले अपना रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया सफलतापूर्वक पूरा कर सकते हैं।

आवेदन करने वाले अभ्यर्थियों के पास किसी मान्यता प्राप्त बोर्ड/संस्थान/विश्वविद्यालय से संबंधित पद के अनुसार 12वीं की कक्षा पास होना अनिवार्य है। इसके अलावा कैंडिडेट्स के पास पोस्ट के अनुसार निर्धारित अन्य पात्रता व कौशल का होना भी जरूरी है।

आवेदकों की न्यूनतम आयु 18 वर्ष और अधिकतम आयु पद के अनुसार 28 से 35 वर्ष के बीच तय की गई है, जिसकी गणना आवेदन के अंतिम तिथि के आधार पर की जाएगी। वहीं, आरक्षित श्रेणी से आने वाले कैंडिडेट्स को नियमानुसार अधिकतम आयु सीमा में छूट दी जाएगी।

योग्य अभ्यर्थियों का चयन लिखित परीक्षा, कौशल परीक्षा, शॉर्टलिस्टिंग और डॉक्यूमेंट्स वेरिफिकेशन के आधार पर किया जाएगा, जिसके बाद चयनित कैंडिडेट्स की सैलरी पोस्ट के अनुसार 18,000 से 81,100 रुपए के बीच प्रति माह होगी। इसके अलावा कैंडिडेट्स को अन्य लाभ और भत्ते भी दिए जाएंगे।

फॉर्म भरते समय उम्मीदवारों को अपने वर्ग अनुसार निर्धारित आवेदन शुल्क का भुगतान ऑनलाइन माध्यम से करना होगा, जो अनारक्षित उम्मीदवारों के लिए 200 रुपए और अरुणाचल प्रदेश अनुसूचित जनजाति (एपीएसटी) उम्मीदवारों के लिए 150 रुपए तय किया गया है। वहीं, दिव्यांगजन (पीडब्ल्यूबीडी) श्रेणी से आने वाले कैंडिडेट्स को रजिस्ट्रेशन फीस में छूट दी गई है।

--आईएएनएस

डीके/डीकेपी