×

भारत-पाक रिश्तों में सुधार की अपील, वीडियो में जाने 117 हस्तियों ने पीएम मोदी और शहबाज शरीफ को लिखी चिट्ठी

 

भारत और पाकिस्तान के बीच लंबे समय से चले आ रहे तनावपूर्ण संबंधों के बीच दोनों देशों की 117 प्रमुख हस्तियों ने शांति और संवाद की पहल करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ को संयुक्त पत्र लिखा है। चिट्ठी में दोनों नेताओं से टकराव की बजाय बातचीत का रास्ता अपनाने की अपील की गई है।

<a style="border: 0px; overflow: hidden" href=https://youtube.com/embed/DSJMP4j6cZ4?autoplay=1&mute=1><img src=https://img.youtube.com/vi/DSJMP4j6cZ4/hqdefault.jpg alt=""><span><div class="youtube_play"></div></span></a>" style="border: 0px; overflow: hidden;" width="640">

पत्र पर भारत और पाकिस्तान के पूर्व अधिकारियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं, शिक्षाविदों और राजनीतिक हस्तियों ने हस्ताक्षर किए हैं। उनका कहना है कि दोनों देशों के बीच लगातार बढ़ती शत्रुता से न केवल द्विपक्षीय संबंध प्रभावित हो रहे हैं, बल्कि पूरे दक्षिण एशिया की स्थिरता और विकास पर भी इसका नकारात्मक असर पड़ रहा है।

भारत से 61, पाकिस्तान से 56 हस्तियों ने किए हस्ताक्षर

इस संयुक्त पहल में भारत की ओर से 61 और पाकिस्तान की ओर से 56 लोगों ने हस्ताक्षर किए हैं।

भारत की ओर से जम्मू-कश्मीर के पूर्व मुख्यमंत्री फारूक अब्दुल्ला, महबूबा मुफ्ती और आरजेडी सांसद मनोज झा समेत कई प्रमुख हस्तियां शामिल हैं। वहीं पाकिस्तान की ओर से पूर्व विदेश मंत्री खुर्शीद महमूद कसूरी सहित कई पूर्व अधिकारी और सामाजिक कार्यकर्ताओं ने पत्र का समर्थन किया है।

'टकराव नहीं, बातचीत का रास्ता अपनाएं'

चिट्ठी में दोनों प्रधानमंत्रियों से आग्रह किया गया है कि वे मतभेदों को बातचीत और कूटनीतिक संवाद के माध्यम से सुलझाने की दिशा में पहल करें। हस्तियों का मानना है कि शांतिपूर्ण संबंधों से न केवल दोनों देशों के नागरिकों को लाभ होगा, बल्कि पूरे दक्षिण एशिया में आर्थिक सहयोग, व्यापार और विकास को भी बढ़ावा मिलेगा।

तनाव के बीच आई शांति की अपील

यह पहल ऐसे समय में सामने आई है, जब हाल के महीनों में भारत और पाकिस्तान के रिश्तों में तनाव बना हुआ है। हस्ताक्षरकर्ताओं का कहना है कि लगातार बढ़ते तनाव और टकराव का असर आम लोगों, क्षेत्रीय स्थिरता और विकास की संभावनाओं पर पड़ रहा है। इसलिए दोनों देशों के नेतृत्व को संवाद का रास्ता अपनाकर विश्वास बहाली की दिशा में कदम बढ़ाने चाहिए।हालांकि, इस पत्र पर अभी तक भारत और पाकिस्तान की सरकारों की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। ऐसे में अब नजर इस बात पर रहेगी कि दोनों देशों के नेतृत्व इस अपील पर क्या रुख अपनाते हैं।