भारत-पाक रिश्तों में तनाव के बीच 117 हस्तियों की पहल, पीएम मोदी और शहबाज शरीफ को लिखी चिट्ठी, वीडियो में जाने बातचीत से समाधान की अपील
भारत और पाकिस्तान के बीच जारी तनावपूर्ण संबंधों के बीच दोनों देशों की 117 प्रमुख हस्तियों ने शांति और संवाद की पहल करते हुए भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ को संयुक्त पत्र लिखा है। पत्र में दोनों नेताओं से टकराव की बजाय बातचीत का रास्ता अपनाने की अपील की गई है, ताकि दक्षिण एशिया में शांति, स्थिरता और विकास का माहौल बनाया जा सके।
इस संयुक्त पत्र पर भारत और पाकिस्तान के कुल 117 लोगों ने हस्ताक्षर किए हैं। इनमें पूर्व नौकरशाह, सामाजिक कार्यकर्ता, शिक्षाविद, राजनीतिक हस्तियां और सार्वजनिक जीवन से जुड़े कई प्रमुख नाम शामिल हैं।
भारत और पाकिस्तान से किन-किन लोगों ने किए हस्ताक्षर?
पत्र पर भारत की ओर से 61 हस्तियों ने हस्ताक्षर किए हैं। इनमें जम्मू-कश्मीर के पूर्व मुख्यमंत्री फारूक अब्दुल्ला, महबूबा मुफ्ती और मनोज झा प्रमुख हैं।वहीं पाकिस्तान की ओर से 56 हस्तियों ने इस पहल का समर्थन किया है। इनमें पाकिस्तान के पूर्व विदेश मंत्री खुर्शीद महमूद कसूरी सहित कई पूर्व अधिकारी और सामाजिक कार्यकर्ता शामिल हैं।
पत्र में क्या कहा गया?
संयुक्त पत्र में दोनों देशों के प्रधानमंत्रियों से आग्रह किया गया है कि वे बढ़ते तनाव और टकराव की नीति के बजाय संवाद और कूटनीतिक वार्ता को प्राथमिकता दें। हस्ताक्षरकर्ताओं का कहना है कि लगातार बढ़ती शत्रुता का असर केवल द्विपक्षीय संबंधों पर ही नहीं, बल्कि दक्षिण एशिया के विकास, क्षेत्रीय स्थिरता और दोनों देशों के आम नागरिकों के जीवन पर भी पड़ रहा है।पत्र में इस बात पर जोर दिया गया है कि आपसी विश्वास बहाली और नियमित संवाद के माध्यम से ही दोनों देशों के बीच लंबे समय से चले आ रहे मतभेदों का शांतिपूर्ण समाधान तलाशा जा सकता है।
तनाव के बीच आई शांति की पहल
यह पहल ऐसे समय में सामने आई है, जब हाल के महीनों में भारत और पाकिस्तान के संबंध विभिन्न मुद्दों को लेकर तनावपूर्ण रहे हैं। ऐसे माहौल में दोनों देशों की प्रमुख हस्तियों द्वारा शांति और बातचीत की अपील को एक महत्वपूर्ण नागरिक पहल के रूप में देखा जा रहा है। हालांकि, इस पत्र पर दोनों सरकारों की ओर से फिलहाल कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।