त्रिपुरा और मिजोरम में नशा-विरोधी कार्रवाई, 11.30 करोड़ रुपए का ड्रग्स जब्त
अगरतला, 10 अक्टूबर (आईएएनएस)। असम राइफल्स ने त्रिपुरा और मिजोरम में अलग-अलग अभियानों में 11.30 करोड़ रुपए से ज्यादा की नशीली सामग्री बरामद की है। यह कार्रवाई स्पीयर कॉर्प्स के तहत की गई।
त्रिपुरा में कस्टम विभाग के साथ मिलकर खोवाई जिले में 501 किलोग्राम गांजा पकड़ा गया, जिसकी कीमत करीब 2.50 करोड़ रुपए बताई जा रही है। वहीं मिजोरम के चंपाई जिले में असम राइफल्स ने 11 किलोग्राम मेथामफेटामाइन टैबलेट बरामद की, जिसकी कीमत करीब 8.80 करोड़ रुपए है।
ये ऑपरेशन नॉर्थ ईस्ट को ड्रग्स मुक्त बनाने और युवाओं को बचाने के लिए सुरक्षा बलों की प्रतिबद्धता को दिखाते हैं। इससे पहले 9 अक्टूबर को भी असम राइफल्स ने कस्टम विभाग के साथ मिलकर बड़ी कार्रवाई की थी। रक्षा विभाग के प्रवक्ता ने बताया कि नशे की तस्करी के खिलाफ त्रिपुरा के खोवाई जिले में एक अभियान चलाया गया। खुफिया जानकारी और लगातार निगरानी के आधार पर यह ऑपरेशन किया गया।
संयुक्त टीम ने पश्चिम सोनातला से एक संदिग्ध वाहन का पीछा शुरू किया। पीछा करीब 18 किलोमीटर तक चला और पश्चिम त्रिपुरा और खोवाई जिले की सीमा पर स्थित हेजामारा ब्लॉक से पहले बैकुंठपुर गांव में खत्म हुआ। इस दौरान 501 किलोग्राम गांजा जब्त किया गया। हालांकि, अभियान के दौरान वाहन का चालक मौके से भागने में कामयाब रहा।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि राज्य पुलिस, असम राइफल्स, त्रिपुरा स्टेट राइफल्स (टीएसआर) और अन्य सुरक्षा बल संयुक्त अभियानों में राज्य के विभिन्न हिस्सों, विशेषकर बांग्लादेश से सटे सेपाहिजाला जिले में अवैध गांजे की खेती को अक्सर नष्ट कर देते हैं।
एक पुलिस अधिकारी के अनुसार, त्रिपुरा में उत्पादित सूखा गांजा स्थानीय स्तर पर इस्तेमाल नहीं होता और बिहार और उत्तर प्रदेश सहित विभिन्न राज्यों में तस्करी करके भेजा जाता है, जहां इसकी ऊंची कीमत मिलती है। सुरक्षा एजेंसियां लगातार ऐसे नेटवर्क पर नजर रखे हुए हैं और ड्रग्स सिंडिकेट को तोड़ने के लिए अभियान जारी है।
--आईएएनएस
वीकेयू/एबीएम