1 नवंबर को मुंबई में प्रशंसकों से रूबरू होंगे मनोज बाजपेयी, साझा करेंगे जिंदगी के अनकहे किस्से
मुंबई, 29 अक्टूबर (आईएएनएस)। बॉलीवुड अभिनेता मनोज बाजपेयी 1 नवंबर को मुंबई में अपने प्रशंसकों से रूबरू होंगे। इस दौरान वह अपने फिल्मी सफर, संघर्षों, निजी अनुभवों और अभिनय से जुड़े अनकहे किस्सों को साझा करेंगे। ‘मनोज बाजपेयी से गुफ्तगू – आपके साथ’ नाम से आयोजित इस विशेष कार्यक्रम में दर्शकों को भी अभिनेता से सीधे सवाल पूछने का अवसर मिलेगा।
यह कार्यक्रम रविवार, 1 नवंबर को शाम 7 बजे मुंबई के अंधेरी वेस्ट स्थित मॉडल टाउन के मुक्ति कल्चरल ऑडिटोरियम, प्लॉट नंबर 141-ए में आयोजित किया जाएगा। इस दौरान वरिष्ठ पत्रकार और फिल्म ‘सहिया’ के निर्माता-निर्देशक संजय शर्मा और मनोज बाजपेयी के साथ बातचीत करेंगे। आयोजकों के मुताबिक, यह कार्यक्रम पारंपरिक इंटरव्यू से अलग होगा, जिसमें दर्शक भी बातचीत का हिस्सा बन सकेंगे।
बिहार के एक छोटे से गांव से निकलकर हिंदी सिनेमा में अपनी अलग पहचान बनाने वाले मनोज बाजपेयी का सफर संघर्ष, सपनों और दृढ़ संकल्प की कहानी रहा है। ‘सत्या’, ‘शूल’, ‘गैंग्स ऑफ वासेपुर’, ‘अलीगढ़’, ‘भोंसले’, ‘सिर्फ एक बंदा काफी है’ और वेब सीरीज ‘द फैमिली मैन’ में उनके अभिनय को दर्शकों ने काफी पसंद किया है। कार्यक्रम में उनके करियर के उतार-चढ़ाव, शुरुआती संघर्षों और उन अनुभवों पर चर्चा होगी, जिन्होंने उन्हें आज के मुकाम तक पहुंचाया।
इस बातचीत में उनकी हालिया रिलीज नेटफ्लिक्स फिल्म ‘गजब रात’ और इसे लेकर दर्शकों की प्रतिक्रिया पर भी चर्चा की जाएगी। कार्यक्रम का उद्देश्य अभिनेता के पर्दे पर निभाए गए किरदारों के पीछे की शख्सियत और उनकी जिंदगी के अनुभवों को करीब से समझने का अवसर देना है। कार्यक्रम की खास बात यह होगी कि दर्शक मनोज बाजपेयी से सीधे सवाल पूछ सकेंगे। उनके अभिनय के प्रशंसक, फिल्मों के शौकीन और अभिनय की दुनिया में करियर बनाने की इच्छा रखने वाले लोग उनसे अपने सवाल साझा कर सकेंगे।
कार्यक्रम के बारे में संजय शर्मा ने कहा, “जिंदगी में कुछ मुलाकातें ऐसी होती हैं, जो खत्म होने के बाद भी हमारे भीतर जीवित रहती हैं। मनोज बाजपेयी के साथ हमारी यह बातचीत ऐसी ही एक यादगार शाम बनाने की कोशिश है। हमने उन्हें पर्दे पर अनगिनत बार देखा है और उनके किरदारों से प्यार किया है, लेकिन उन किरदारों के पीछे के व्यक्ति के संघर्ष, भावनाओं और जीवन की कहानियों को सुनने के अवसर कम मिलते हैं।”
उन्होंने कहा कि वह इस शाम मंच और दर्शकों के बीच की दूरी को खत्म करना चाहते हैं, ताकि लोग मनोज बाजपेयी से खुलकर बातचीत कर सकें, अपने सवाल पूछ सकें और केवल तस्वीरें ही नहीं, बल्कि ऐसी यादें लेकर लौटें, जिन्हें लंबे समय तक संजोकर रखा जा सके।
शर्मा के मुताबिक, मुंबई जैसे शहर में, जहां लोग रोजमर्रा की भागदौड़ में व्यस्त रहते हैं, इस तरह के आयोजन लोगों को एक-दूसरे के करीब लाने का माध्यम बन सकते हैं। उन्होंने कहा कि कला और संस्कृति की खूबसूरती लोगों को जोड़ने में है। उनकी योजना संगीत, साहित्य, रंगमंच और सिनेमा जगत की प्रतिष्ठित हस्तियों के साथ हर महीने इस तरह के संवाद आयोजित करने की है।
यह कार्यक्रम सांस्कृतिक सीरीज ‘4 पीएम तहजीब’ का हिस्सा है। इसकी शुरुआत 24 अक्टूबर को मुंबई में गायिका वैष्णवी शर्मा की संगीत और काव्य प्रस्तुति के साथ हुई थी। आयोजकों के अनुसार, पहले कार्यक्रम में ऑडिटोरियम दर्शकों से भरा रहा और संगीत प्रेमियों की ओर से उत्साहजनक प्रतिक्रिया मिली। आयोजकों ने मुंबई और आसपास के सिनेमा प्रेमियों से इस विशेष शाम का हिस्सा बनने की अपील की है। सीमित सीटों को देखते हुए दर्शकों को पहले से टिकट बुक करने की सलाह दी गई है। टिकट बुकमायशो के जरिए उपलब्ध हैं।
आयोजकों का कहना है कि यह कार्यक्रम सिर्फ एक लोकप्रिय अभिनेता से मुलाकात नहीं, बल्कि उनके संघर्षों, सपनों और अनुभवों को करीब से जानने का अवसर होगा।
--आईएएनएस
डीएससी